Friday, October 9खबर जो असर करे |
Shadow

उत्तर से दक्षिण तक… आज देश के 15 राज्यों में अलर्ट, कहीं झमाझम तो कहीं हो सकती है हल्की बारिश

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में 9 अक्टूबर को मौसम का मिजाज (Weather Conditions) बदला हुआ रह सकता है. कहीं बारिश (Rain) और गरज-चमक लोगों को गर्मी से राहत दे सकती है, तो कहीं तेज हवाएं और भारी बारिश (Heavy Rain) परेशानी बढ़ा सकती हैं. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।


वहीं, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का अलर्ट है. दूसरी ओर, देश से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर के कुछ और हिस्सों से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. हालांकि, मॉनसून की वापसी का मतलब यह नहीं है कि बारिश का दौर पूरी तरह खत्म हो गया है।


दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब देश के कई हिस्सों से लौट रहा है. 8 अक्टूबर तक यह महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, गोवा के कुछ इलाकों, कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा के कुछ भागों के अलावा झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों से वापस जा चुका था. इसके बावजूद देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी है. इसकी वजह स्थानीय वेदर सिस्टम, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जैसी गतिविधियां हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों में पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर के कुछ और हिस्सों से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं।


दिल्ली-UP समेत 15 राज्यों में IMD का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 9 अक्टूबर को उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. जिन राज्यों में मौसम खराब रहने की आशंका है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक और ओडिशा शामिल हैं. इनमें से कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना रह सकता है.


दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 9 अक्टूबर को बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ हवाएं चल सकती हैं. उपलब्ध पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी 9 से 14 अक्टूबर के दौरान कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.


यूपी में आंधी और बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 9 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. गाजियाबाद, मेरठ, मिर्जापुर, गोरखपुर, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, सहारनपुर, बस्ती और रायबरेली समेत कई इलाकों में मौसम बदल सकता है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 अक्टूबर तक बारिश के आसार बने हुए हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।


बिहार में भी बारिश का है पूर्वानुमान
बिहार में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. मधुबनी, दरभंगा, गया, जहानाबाद, रोहतास, सहरसा और बक्सर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी है. इस दौरान गरज-चमक के साथ हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पटना में अधिकतम तापमान करीब 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. राज्य में 11 अक्टूबर तक कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।


राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बारिश
राजस्थान के बीकानेर, अजमेर, धौलपुर, भरतपुर और बूंदी समेत कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं. जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मध्य प्रदेश में विदिशा, सीधी, दमोह, सागर, इंदौर, उज्जैन, शहडोल और छिंदवाड़ा समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में 9 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. हरिद्वार, ऋषिकेश और चमोली समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, कांगड़ा, मंडी और सोलन में भी बारिश हो सकती है. यहां कुछ इलाकों में 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश से भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है. जम्मू-कश्मीर में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।


दक्षिण भारत में भी मौसम बदलेगा
दक्षिण भारत में 9 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं. मौसम विभाग ने दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी है. केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 10 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. इन इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 9 और 10 अक्टूबर को बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है. मौसम की इन गतिविधियों के पीछे ऊपरी हवा में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और समुद्री इलाकों में सक्रिय ट्रफ लाइन का असर बताया गया है।


पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश
बिहार के अलावा झारखंड और गांगेय पश्चिम बंगाल में 9 और 10 अक्टूबर को बारिश हो सकती है. ओडिशा में 14 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. दक्षिणी तटीय ओडिशा और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और आसपास के राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है. लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *