Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

महिला हत्या मामले में देवर की गिरफ्तारी, साथी की खोज जारी

प्रयागराज, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फूलपुर थाने की पुलिस टीम ने एक महिला की हत्या का खुलासा करते हुए रविवार देर रात मृतका के देवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या में शामिल एक अन्य युवक की खोज जारी है। गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रदीप कुमार है, जो कि फूलपुर थाना क्षेत्र के बलिकरनपुर गांव का निवासी है। पुलिस ने इस मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने जानकारी दी कि प्रदीप के साथी पप्पू मूसहर उर्फ रामसजीवन की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। उल्लेखनीय है कि 29 जनवरी को प्रदीप कुमार ने थाने में अपनी भाभी सीमा देवी की गुमशुदगी दर्ज करायी थी। पुलिस को गुमशुदा की खोज के दौरान पता चला कि बलकरनपुर गाँव में एक प्लास्टिक की बोरी में एक शव कुएँ में मिला है। शव मिलने के बाद पुलिस ने धारा-103 (1), 238, 61(2)(क) के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि प्रदीप ने अपने दोस्त पप्पू मूसहर के साथ मिलकर भाभी की हत्या की योजना बनाई और हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर कुएँ में डाल दिया। वारदात के बाद प्रदीप ने थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए प्रदीप को जोगिया सेखपुर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *