Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

शास्त्रों से ऊपर मां का स्थान: शंकराचार्य से योगी आदित्यनाथ तक, दो संन्यासी और मातृऋण का एक सत्य

By: jagatgur

-cmup-yogi-aditya-nath-bjp-shankaracharya
शास्त्रों से ऊपर मां का स्थान: शंकराचार्य से योगी आदित्यनाथ तक, दो संन्यासी और मातृऋण का एक सत्य

– डॉ. मयंक चतुर्वेदी

भारतीय संस्कृति, आध्यात्म और सनातन परंपरा में संन्यास को जीवन का सर्वोच्च और सबसे कठिन आश्रम माना गया है। संन्यास का अर्थ ही है, सांसारिक मोह-माया, रक्त संबंधों, कुटुम्ब, राग-द्वेष और व्यक्तिगत पहचान का पूर्णतः परित्याग। शास्त्रों के अनुसार, संन्यासी के लिए समस्त विश्व ही उसका परिवार होता है और वह अपने पूर्वाश्रम के माता-पिता, भाई-बंधु और कुल के बंधनों से मुक्त हो जाता है। किंतु, इसी कठोर वैराग्य और शास्त्रीय मर्यादा के बीच एक ऐसा भावुक और शाश्वत सत्य विद्यमान है, जिसके समक्ष स्वयं विधि के विधान और संन्यास के नियम भी नतमस्तक हो जाते हैं और वह सत्य है ‘माँ’।

जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ अपनी माता सावित्री देवी के निधन की सूचना पाकर समस्त राजकीय कार्यों को स्थगित कर उत्तराखंड के अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और नम आंखों से मां की अर्थी को कंधा दिया, तो संपूर्ण देश के मानस पटल पर आठवीं शताब्दी का वह ऐतिहासिक और मार्मिक दृश्य जीवंत हो उठा, जब अद्वैत वेदांत के प्रणेता आद्य गुरु शंकराचार्य ने संन्यास की समस्त परंपराओं को लांघते हुए केरल के कालडी में अपनी माता आर्याम्बा का अंतिम संस्कार संपन्न किया था।

माँ: सृष्टि का प्रथम स्पंदन और शास्त्रों का सर्वोच्च सत्य

मनुष्य के अस्तित्व की प्रथम इकाई माँ है। जिस क्षण जीव इस धरती पर आंख खोलता है, उसके लिए ईश्वर का प्रथम साक्षात्कार माँ के रूप में ही होता है। माँ के आंचल की छाया में मनुष्य स्वयं को पहचानता है, उसके वात्सल्य और दुग्ध से पुष्ट होकर इस संसार की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनता है। भारतीय वाङ्मय, वेदों, उपनिषदों, आरण्यक ग्रंथों, स्मृतियों और पुराणों में माँ की महिमा का जो गान किया गया है, वह विश्व के किसी भी साहित्य में दुर्लभ है।

वैदिक साहित्य के प्रमुख ग्रंथ तैत्तिरीय उपनिषद (शिक्षावल्ली, अनुवाक 11) में जब गुरु अपने शिष्य की शिक्षा पूर्ण होने पर उसे जीवन का अंतिम और सर्वोच्च उपदेश देते हैं, तो वे कहते हैं, “मातृदेवो भव। पितृदेवो भव। आचार्यदेवो भव। अतिथिदेवो भव।” इस मंत्र में सबसे पहला स्थान माता को दिया गया है। पिता और आचार्य का स्थान माता के बाद आता है। यह क्रम केवल संयोग नहीं, बल्कि भारतीय दर्शन की गहरी मनोवैज्ञानिक और आध्यात्मिक समझ का परिचायक है।

धर्मशास्त्रों की श्रेणी में मनुस्मृति (अध्याय 2, श्लोक 145) में महर्षि मनु स्पष्ट घोषणा करते हैं-

“उपाध्यायान्दशाचार्य आचार्याणां शतं पिता।

सहस्रं तु पितॄन्माता गौरवेणातिरिच्यते॥”

अर्थात, दस उपाध्यायों से बढ़कर एक आचार्य होता है, सौ आचार्यों से बढ़कर एक पिता होता है, और हजार पिताओं से भी अधिक गौरवशाली एक माता होती है। महाभारत के वनपर्व (यक्ष-युधिष्ठिर संवाद) में जब यक्ष धर्मराज युधिष्ठिर से पूछते हैं कि भूमि से भी भारी (गुरुतर) क्या है, तो युधिष्ठिर उत्तर देते हैं, “माता गुरुतरा भूमेः” अर्थात माता का स्थान इस विशाल पृथ्वी से भी अधिक भारी और श्रेष्ठ है। स्कंद पुराण और पद्म पुराण में भी यह उल्लेख मिलता है कि समस्त तीर्थों का फल माता के चरणों में ही निहित है।

आद्य गुरु शंकराचार्य और कालडी का वह ऐतिहासिक प्रसंग

भारतीय आध्यात्मिक इतिहास में यदि किसी ने संन्यास की परंपरा को सर्वाधिक सुदृढ़ और सुव्यवस्थित किया, तो वे आद्य गुरु शंकराचार्य थे। आठवीं शताब्दी में केरल के कालडी ग्राम में शिवगुरु और आर्याम्बा के घर जन्मे शंकर ने बाल्यावस्था में ही संन्यास लेने का निश्चय कर लिया था। माधवीय ‘शंकर दिग्विजय’ (जो शंकराचार्य के जीवन का सबसे प्रामाणिक ऐतिहासिक व आध्यात्मिक ग्रंथ माना जाता है) और चिद्विलास कृत ‘शंकर विजयविलास’ में इस घटना का अत्यंत हृदयस्पर्शी वर्णन मिलता है।

जब बालक शंकर ने अपनी विधवा माता आर्याम्बा से संन्यास की अनुमति मांगी, तो ममतामयी मां का हृदय कांप उठा। एकमात्र संतान के वैराग्य की बात सुनकर वे व्याकुल हो उठीं। ग्रंथों के प्रमाणों के अनुसार, पूर्णां नदी में मगरमच्छ द्वारा पैर पकड़े जाने के प्रसंग के बाद जब माता ने विवश होकर शंकर को संन्यास की अनुमति दी, तो उन्होंने एक वचन मांगा। आर्याम्बा ने कहा कि संन्यास के बाद तुम कहीं भी रहो, किंतु मेरे अंतिम समय में तुम अवश्य आओगे और अपने हाथों से मेरा दाह संस्कार करोगे। बालक शंकर ने बिना किसी संकोच के अपनी मां को यह वचन दे दिया कि वे अंतिम समय में अवश्य उपस्थित होंगे।

वर्षों बाद, जब शंकराचार्य संपूर्ण भारतवर्ष में सनातन धर्म की दिग्विजय यात्रा पर थे और शृंगेरी मठ में निवास कर रहे थे, तब उन्हें अपनी योगशक्ति से आभास हुआ कि कालडी में उनकी माता आर्याम्बा का अंतिम समय निकट आ गया है। संन्यास धर्म के नियमों के अनुसार, एक संन्यासी को अपने पूर्वाश्रम के घर नहीं जाना चाहिए और न ही वह किसी के अंतिम संस्कार में अग्नि दे सकता है, क्योंकि संन्यासी स्वयं अपना पिंडदान और श्राद्ध संन्यास ग्रहण करते समय ही कर चुका होता है, परंतु शंकराचार्य के समक्ष शास्त्रीय मर्यादा से बड़ा वह मातृ-वचन था, जो उन्होंने अपनी जननी को दिया था।

वे तत्काल कालडी पहुंचे। माता आर्याम्बा ने अपने संन्यासी पुत्र को सामने पाकर परम शांति का अनुभव किया और अपने प्राण त्याग दिए। जब अंतिम संस्कार का समय आया, तो कालडी के रूढ़िवादी समाज और नंबूदिरी ब्राह्मणों ने शंकराचार्य का तीव्र विरोध किया। उनका तर्क था कि एक संन्यासी को दाह संस्कार करने का कोई अधिकार नहीं है। समाज ने शंकराचार्य को कोई सहयोग नहीं दिया, न तो किसी ने अर्थी उठाने में मदद की और न ही श्मशान तक जाने का मार्ग दिया।

तब इतिहास ने वह अद्भुत और भावुक दृश्य देखा, जब जगतगुरु शंकराचार्य ने अपने ही घर के आंगन (पिछवाड़े) में केले के तनों और सूखी लकड़ियों की चिता सजाई, अपनी माता के पार्थिव शरीर को स्वयं कंधा देकर वहां रखा और अपनी योगशक्ति व मंत्रबल से अग्नि प्रज्वलित कर माता का अंतिम संस्कार संपन्न किया। आज भी केरल के कालडी में उस स्थान पर माता आर्याम्बा की समाधि विद्यमान है, जो इस बात का प्रमाण है कि संन्यास की कोई भी परंपरा मातृ-ऋण से बड़ी नहीं हो सकती।

‘मातृपञ्चकम्’ और ‘देव्यपराधक्षमापन स्तोत्रम्’: शंकराचार्य के अश्रुओं से रचित काव्य

अपनी माता के अंतिम संस्कार और विदाई की उस असहनीय पीड़ा को आद्य गुरु शंकराचार्य ने जिन पांच श्लोकों में पिरोया, वह संस्कृत साहित्य में ‘मातृपञ्चकम्’ के नाम से अमर हो गया। अंतिम क्रिया के समय एक संन्यासी पुत्र के हृदय से निकला यह करुण क्रंदन किसी भी पाषाण हृदय को द्रवित कर सकता है-

प्रथम श्लोक:

“आस्तां तावदियं प्रसूतिसमये दुर्वारशूलव्यथा,

नैरुच्यं तनुशोषणं मलमयी शय्या च सांवत्सरी।

एकस्यापि न गर्भभारभरणक्लेशस्य यस्याः क्षमो,

दातुं निष्कृतिमुन्नतोऽपि तनयः तस्यै जनन्यै नमः॥”

इसका भावार्थ यह है कि प्रसव के समय होने वाली असहनीय पीड़ा, शरीर का सूख जाना, और एक वर्ष तक बच्चे के मल-मूत्र से सनी शय्या पर स्वयं गीले में सोकर बच्चे को सूखे में सुलाने का कष्ट—ये सब तो अलग हैं; पुत्र चाहे कितना भी महान और उन्नत क्यों न हो जाए, वह अपनी माता द्वारा नौ माह तक गर्भ में धारण करने के क्लेश के एक अंश का भी ऋण नहीं चुका सकता। ऐसी जननी को मेरा बारंबार नमस्कार है।

द्वितीय श्लोक:

“गुरुकुलमुपसृत्य स्वप्नकाले तु दृष्ट्वा

यतिसमुचितवेषं प्रारुदो मां त्वमुच्चैः।

गुरुकुलमथ सर्वं प्रारुदत्ते समक्षं

सपदि चरणयोस्ते मातरस्तु प्रणामः॥”

यहां अर्थ है कि हे माँ! जब मैं गुरुकुल में अध्ययन कर रहा था, तब स्वप्न में मुझे संन्यासी के वेष में देखकर तुम जोर-जोर से रोने लगी थीं। तुम्हारा वह करुण क्रंदन देखकर उस समय पूरा गुरुकुल ही तुम्हारे सामने रो पड़ा था। ऐसी ममतामयी माता के चरणों में मेरा तत्काल प्रणाम हो।

तृतीय श्लोक:

“न दत्तं मातस्ते मरणसमये तोयमपि वा

स्वधा वा नो देया मरणदिवसे श्राद्धविधिना।

न जप्तो मातस्ते मरणसमये तारकमनुः

अकाले सम्प्राप्ते मयि कुरु दयां मातरतुलाम्॥”

तात्पर्य है- हे माँ! संन्यास धर्म के कारण तुम्हारे अंतिम समय में मैं तुम्हें जल भी न दे सका, और न ही तुम्हारी मृत्यु के दिन श्राद्ध विधि से तुम्हें पिंडदान या स्वधा अर्पित कर सकूंगा। तुम्हारे प्राण निकलते समय मैं तुम्हारे कानों में तारक मंत्र का जप भी नहीं कर सका। हे माता, असमय मेरे पहुँचने पर तुम मुझ पर अपनी असीम दया बनाए रखना।

चतुर्थ श्लोक:

“मुक्तामणिस्त्वं नयनं ममेति

राजेति जीवेति चिरं सुत त्वम्।

इत्युक्तवत्यास्तव वाचि मातः

ददाम्यहं तण्डुलमेष शुष्कम्॥”

भावार्थ है कि हे माँ! बचपन में तुम मुझे बड़े लाड़-प्यार से ‘तू मेरा मोती है’, ‘तू मेरी आँखों का तारा है’, ‘तू मेरा राजा है’ और ‘हे पुत्र, तू चिरंजीवी हो’ कहकर पुकारती थीं। आज तुम्हारे उन्हीं स्नेहिल मुखारविंद में अंतिम संस्कार की विधि के रूप में मैं ये सूखे चावल के दाने अर्पित कर रहा हूँ।

पञ्चम श्लोक:

“अम्बेति तातेति शिवेति तस्मिन्

प्रसूतिकाले यदवोच उच्चैः।

कृष्णेति गोविन्द हरे मुकुन्दे

त्यहो जनन्यै रचितोऽयमञ्जलिः॥”

अर्थात् हे माँ! मुझे जन्म देते समय प्रसव की उस असहनीय पीड़ा में तुमने जोर-जोर से ‘हे अम्बा!’, ‘हे तात!’, ‘हे शिव!’, ‘हे कृष्ण!’, ‘हे गोविंद!’, ‘हे हरे!’, ‘हे मुकुंद!’ कहकर पुकारा था। उन्हीं कष्टों को सहकर मुझे जीवन देने वाली जननी के प्रति मेरी यह विनम्र श्रद्धांजलि समर्पित है।

इसी प्रकार, शक्ति की उपासना करते हुए शंकराचार्य ने ‘देव्यपराधक्षमापन स्तोत्रम्’ में भी जगतजननी मां के प्रति एक अबोध बालक के निश्छल समर्पण को अभिव्यक्त किया, “न मन्त्रं नो यन्त्रं तदपि च न जाने स्तुतिमहो… परं जाने मातस्त्वदनुसरणं क्लेशहरणम्” और अंत में वह कालजयी सत्य उद्घोषित किया कि “कुपुत्रो जायेत क्वचिदपि कुमाता न भवति” अर्थात संसार में पुत्र भले ही कुपुत्र हो जाए, किंतु माता कभी कुमाता नहीं हो सकती।

फिर उत्तराखंड के पंचूर में जीवंत हुआ वही इतिहास

आठवीं शताब्दी के उस ऐतिहासिक प्रसंग की स्मृतियाँ आज उस समय पुनः जीवंत हो उठीं, जब वर्तमान भारत के सबसे प्रभावशाली संन्यासी राजनेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी माता सावित्री देवी के निधन पर उनके अंतिम दर्शन और अंतिम यात्रा में सम्मिलित होने के लिए उत्तराखंड पहुंचे।

योगी आदित्यनाथ नाथ संप्रदाय की सर्वोच्च पीठ ‘‘गोरक्षपीठ’’ के पीठाधीश्वर हैं। नाथ संप्रदाय में भी संन्यास की दीक्षा अत्यंत कठोर होती है। दीक्षा के उपरांत संन्यासी अपने पूर्वाश्रम के नाम, कुल, गोत्र और पारिवारिक संबंधों का पूर्णतः त्याग कर देता है। अजय सिंह बिष्ट से ‘योगी आदित्यनाथ’ बनने के बाद उन्होंने भी दशकों तक संन्यास के इस कठोर अनुशासन का अक्षरशः पालन किया, परंतु, शुक्रवार, 20 नवंबर को जब उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से 91 वर्षीय माता सावित्री देवी के निधन का समाचार आया, तो एक मुख्यमंत्री और एक कठोर संन्यासी के भीतर का ‘पुत्र’ जाग उठा।

योगी आदित्यनाथ ने अपने समस्त राजकीय कार्यक्रमों और व्यस्तताओं को तत्काल स्थगित किया और बिना किसी विलंब के उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। शनिवार, 21 नवंबर 2026 की सुबह जब पंचूर गांव से हरिद्वार के चंडी घाट के लिए माता सावित्री देवी की अंतिम यात्रा प्रारंभ हुई, तो संपूर्ण देश ने एक बेहद भावुक और दुर्लभ दृश्य देखा। संन्यासी के भगवा वस्त्रों में लिपटे योगी आदित्यनाथ अपनी माता के पार्थिव शरीर के समीप अत्यंत व्यथित और भावुक मुद्रा में दिखाई दिए। उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर अपनी मां की अर्थी को कंधा दिया और अंतिम विदाई की प्रक्रिया में सम्मिलित हुए।

राजधर्म और मातृ-ऋण का तुलनात्मक विश्लेषण

योगी आदित्यनाथ के इस कदम को समझने के लिए वर्ष 2020 की उस घटना से तुलना करना अत्यंत प्रासंगिक हो जाता है, जब उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। 20 अप्रैल 2020 को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनके पिता ने अंतिम सांस ली थी। उस समय भी योगी आदित्यनाथ देश के सबसे बड़े जनसांख्यिकीय राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उनके पास संसाधनों, विमानों या सुरक्षा व्यवस्था की कोई कमी नहीं थी। वे चाहते तो चंद घंटों में अपने पिता के अंतिम संस्कार में पहुंच सकते थे, किंतु, अप्रैल 2020 की परिस्थितियाँ भिन्न थीं और उस समय दो महान कर्तव्यों के बीच चुनाव करना था। उस वक्त संपूर्ण देश और विश्व कोरोना वायरस (कोविड-19) जैसी अभूतपूर्व महामारी की चपेट में था। देशभर में सख्त लॉकडाउन लागू था और आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित था।

उत्तर प्रदेश की 23 करोड़ जनता के जीवन की रक्षा का दायित्व मुख्यमंत्री के कंधों पर था। यदि मुख्यमंत्री स्वयं लॉकडाउन के नियमों में छूट लेकर अंतिम संस्कार में जाते, तो वहां भीड़ जुटने की आशंका थी और जनता में अनुशासन का गलत संदेश जा सकता था। तब योगी आदित्यनाथ ने एक अत्यंत भावुक पत्र लिखकर अपनी माता और परिवार से क्षमा मांगी थी और कहा था कि “अंतिम क्षणों में पिता के दर्शन की हार्दिक इच्छा थी, परंतु वैश्विक महामारी के खिलाफ उत्तर प्रदेश की 23 करोड़ जनता को सुरक्षित करने के कर्तव्यबोध के कारण मैं ऐसा नहीं कर पा रहा हूं।” उस समय उन्होंने ‘राजधर्म’ और ‘संन्यास धर्म’ को व्यक्तिगत शोक से ऊपर रखा था।

इसके विपरीत आज न तो वैसी कोई महामारी की आपातकालीन स्थिति थी और न ही लॉकडाउन जैसी पाबंदियां। इस बार बात उस ‘माँ’ की थी, जिसके बिना किसी भी जीव की कल्पना ही असंभव है। पिता यदि आकाश की तरह छत्रछाया देते हैं, तो माता धरती की तरह संपूर्ण अस्तित्व को धारण करती है। राजधर्म के निर्वहन के बाद जब जीवन की संध्या में माता से अंतिम विदाई का क्षण आया, तो योगी आदित्यनाथ ने उसी मार्ग का अनुसरण किया जो सदियों पहले आद्य गुरु शंकराचार्य ने दिखाया था।

शाश्वत सत्य की विजय

वस्तुत: आद्य गुरु शंकराचार्य से लेकर योगी आदित्यनाथ तक की यह यात्रा भारतीय संस्कृति के उस मूल तत्व को रेखांकित करती है, जो नियम से अधिक संवेदना को, और रूढ़ि से अधिक कृतज्ञता को महत्व देता है। संन्यास का अर्थ हृदय का पत्थर हो जाना नहीं है, बल्कि संन्यास तो करुणा का विस्तार है। और उस करुणा का प्रथम स्रोत माँ ही होती है।

माँ है तो जीवन है, माँ है तो यह संसार है। व्यक्ति चाहे संन्यासी बन जाए, जगतगुरु बन जाए या किसी विशाल राज्य का शासक बन जाए, अपनी जननी के चरणों में वह सदैव एक अबोध बालक ही रहता है। कालडी के आंगन में ‘मातृपञ्चकम्’ के मंत्रों के बीच शंकराचार्य द्वारा प्रज्वलित की गई वह चिता हो या उत्तराखंड के पंचूर से हरिद्वार के घाट तक मां की अर्थी को कंधा देते योगी आदित्यनाथ के कदम, ये दोनों घटनाएं युगों-युगों तक मानव सभ्यता को यह स्मरण कराती रहेंगी कि शास्त्रों, परंपराओं और सत्ता के शिखरों से भी ऊंचा यदि कोई स्थान इस ब्रह्मांड में है, तो वह सिर्फ ‘माँ’ का स्थान है!

(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)

—————


(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *