
रायगंज, 21 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। रायगंज थाना क्षेत्र के कर्णजोड़ा पुलिस चौकी के अंतर्गत बोग्राम इलाके में मालदा की एक कॉलेज छात्रा की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत का मामला शनिवार को सामने आया। मृतका की पहचान नूरताज बानू (20) के रूप में हुई। वह मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के बालियाडांगा गाँव की रहने वाली थी और स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार को युवती का शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले वह अपने पूर्व पति मोहम्मद सामेद अली के साथ घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों का दावा है कि वह घर से निकलते समय लगभग साढ़े छह लाख रुपये नकद अपने साथ ले गई थी और यह रकम हड़पने के इरादे से उसे ले जाया गया।
मृतका के भाई मोहम्मद साहिद अनवर ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले नूरताज और सामेद अली के बीच प्रेम संबंध के बाद विवाह हुआ था, परंतु तीन महीने बाद मेहर की रकम चुकाकर पंचायत की मध्यस्थता में तलाक हो गया। तलाक के बाद वह घर से ही कॉलेज आती-जाती रही। हाल ही में वह नकदी के साथ पूर्व पति के साथ फिर लापता हो गई और कालियाचक थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शुक्रवार को रायगंज पुलिस के माध्यम से परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान की और रायगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. सोनावाने कुलदीप सुरेश ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। वर्तमान में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विस्तृत जांच कर रही है।
