
उज्जैन, 21 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के 4 बजे भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर के पट खुलते ही गर्भगृह में विराजित देवी‑देवताओं का पूजन किया गया, इसके पश्चात पुजारियों ने महाकाल को जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर तथा फलों के रस से बना पंचामृत अर्पित किया। प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया।
इसके बाद बाबा महाकाल को रजत ॐ, बिल्वपत्र मुकुट और रुद्राक्ष की माला से सजाया गया। मस्तक पर त्रिपुंड और त्रिशूल सजाए गए, साथ ही डमरू, शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला भी धारण कराई गई। सुगंधित पुष्पों की मालाओं से भी भगवान का अलंकरण किया गया।
भगवान गणेश, माता पार्वती और कार्तिकेय की पूजा के बाद बाबा महाकाल को फल‑मिष्ठान का भोग लगाया गया। कपूर आरती एवं नैवेद्य अर्पण के बाद ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढँककर मंत्रोच्चार के साथ भस्म आरती के लिए महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित किया गया। माना जाता है कि भस्म अर्पण के बाद बाबा महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में मनोकामनाएँ कहकर बाबा महाकाल से पूर्ण होने की प्रार्थना की। आरती के दौरान श्रद्धालु निरन्तर “जय बाबा महाकाल” का नारा लगाते रहे, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बन गया।
