Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

सूरजपुर में “कौशल दान अभियान” के तहत अनुभवी नागरिकों को स्वेच्छा से सिखाने का अवसर

सूरजपुर, 21 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। सूरजपुर जिले में स्थानीय प्रतिभाओं और अनुभवी नागरिकों के हुनर को समाज तक पहुँचाने के लिये जिला प्रशासन ने कौशल दान अभियान की शुरुआत की है। यह पहल कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में चलायी गयी है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला, तकनीक और कृषि सहित कई क्षेत्रों में दक्ष नागरिक स्वयंसेवक के रूप में अपना ज्ञान साझा करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से कौशल विकास को प्रोत्साहित करना और युवाओं को अनुभवी लोगों से सीधे सीखने का अवसर प्रदान करना है।

इस कार्यक्रम के तहत इच्छुक व्यक्ति संगीत, नृत्य, खेल, जिम एवं फिटनेस, कंप्यूटर, स्वास्थ्य, कला, तकनीकी कार्य, कृषि और व्यवसाय जैसे विविध क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता के अनुसार प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दे सकते हैं। जिला प्रशासन का मानना है कि हर व्यक्ति के पास कोई न कोई ऐसा हुनर या अनुभव होता है, जिसे साझा करके दूसरों को आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है। इस सोच को जनभागीदारी से जोड़ने के लिये इस पहल को शुरू किया गया है, जिससे विशेषकर युवा और नया कौशल सीखने के इच्छुक लोगों को अपने क्षेत्र के अनुभवी व्यक्तियों से सीखने का प्रत्यक्ष अवसर मिलेगा।

अभियान में बेहतर योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करने हेतु सम्मान व्यवस्था भी की गई है। इसके अंतर्गत प्रतिमाह उत्कृष्ट योगदान देने वाले एक स्वयंसेवक को ‘महीने का स्वयंसेवक’ का सम्मान दिया जाएगा और उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन की ओर से विशेष सम्मानित किया जाएगा।

जुड़ना चाहने वाले नागरिक ऑनलाइन पंजीयन कर स्वयंसेवक के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं। पंजीयन प्रक्रिया सरल रखी गई है और इसे लगभग दो मिनट में पूरा किया जा सकता है। इच्छुक नागरिक नीचे दिए गये लिंक के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने शिक्षकों, कलाकारों, खिलाड़ियों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों, किसानों और विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में शामिल होकर अपने ज्ञान और हुनर को समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाने में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *