Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

चक्रवाती तूफान अकवान से फसल क्षति की आशंका, किसानों को 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को सूचना देने की सलाह

बलरामपुर, 20 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से उत्पन्न असामयिक वर्षा और प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए, कृषि विभाग ने किसानों के लिए एक विशेष सलाह जारी की है। विभाग ने खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानियाँ बरतने की अपील की है तथा फसल को नुकसान होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 72 घंटे के भीतर सूचना दर्ज कराने का निर्देश दिया है।

किसी भी फसल क्षति की सूचना देने के लिए, किसानों को कृषि विभाग द्वारा प्रदान किए गए टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क करना होगा। सूचना मिलने के बाद, बीमा कंपनी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण में नुकसान की प्रकृति और मात्रा का आकलन किया जाएगा, जिससे योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र किसानों के दावों का निपटारा होगा।

विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई धान की फसल, जिसे करपा कहा जाता है, भी निर्धारित शर्तों के अनुसार सुरक्षा प्राप्त करती है। यह प्रावधान कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों तक लागू रहता है। इस अवधि में यदि जोखिम के कारण फसल को नुकसान होता है, तो किसान समय-सीमा के भीतर सूचना देकर दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

फसल में जलभराव के मामलों में, नुकसान का आकलन योजना के अनुसार किया जाएगा। ऐसे स्थितियों में फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उपज के आंकड़ों के आधार पर बीमा दावे की गणना की जाएगी। विभाग ने किसानों को खेतों में पानी भरने की स्थिति पर नजर रखने और जहाँ संभव हो, जल निकासी व्यवस्था करने की सलाह दी है।

फसल क्षति की शिकायत दर्ज कराते समय, किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, गांव, तहसील, जिला, खेत का खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर, नुकसान का विवरण और उसकी तारीख तैयार रखनी होगी। शिकायत दर्ज कराने के बाद प्राप्त संदर्भ संख्या और बीमा संबंधी दस्तावेज सुरक्षित रखने की भी सलाह दी गई है।

किसानों को फसल को अधिक नुकसान होने पर राजस्व विभाग के मैदानी अधिकारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी तत्काल जानकारी देने को कहा गया है। प्रभावित किसान अपनी फसल की स्थिति और नुकसान को दर्शाने वाली तस्वीरें व वीडियो सुरक्षित रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर क्षति के आकलन में उनका उपयोग किया जा सके।

असामयिक वर्षा के चलते, विभाग ने खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढकने की सलाह दी है। जहाँ संभव हो, फसल को ऊँचे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा आसपास पानी जमा न होने दें। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति के प्रति सतर्क रहें और फसल को नुकसान होने पर 72 घंटे की निर्धारित समय-सीमा के भीतर सूचना दर्ज कराएं, ताकि पात्रता के अनुसार बीमा योजना का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *