
रायगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)—सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) प्राप्त करना सरकारी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों के लिये पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएगा। इस उद्देश्य से आज रायगढ़ जिले के जिला कार्यालय के सृजन सभाकक्ष में एक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें 230 शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य भाग लिये।
प्रशिक्षण के दौरान प्राचार्यों को बताया गया कि सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन प्रविष्टि कैसे की जाती है, आवश्यक दस्तावेज़ कैसे अपलोड किए जाते हैं और प्राप्त आवेदनों की जांच एवं निराकरण की प्रक्रिया क्या है। साथ ही पोर्टल के द्वारा ऑनलाइन सत्यापन, अनुमोदन तथा प्रमाण पत्र जारी करने की व्यावहारिक प्रक्रिया को दर्शाया गया।
यह भी स्पष्ट किया गया कि अब पूरे जिले के शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिये स्थानांतरण प्रमाण पत्र केवल इस पोर्टल के माध्यम से ही जारी किया जाएगा, जिससे आवेदन से लेकर प्रमाण पत्र जारी होने तक का पूरा कार्य चरण ऑनलाइन संपादित होगा। सभी आवेदनों का निराकरण लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रहेगा।
अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया कि यदि आवेदन में कोई कमी पाई जाये तो उसे रद्द करने के बजाय स्पष्ट टिप्पणी के साथ सुधार के लिये वापस भेजा जाये, ताकि आवेदक आवश्यक सुधार कर पुनः आवेदन कर सके। इस नई पहल से प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनेगी, तथा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही स्कूल स्तर पर आवेदन प्रक्रिया और उसके निराकरण की ऑनलाइन निगरानी भी सुनिश्चित होगी।
