Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

घने कोहरे में भी सुरक्षित होगा रेल सफर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 3657 फॉग सेफ डिवाइस किए उपलब्ध

बिलासपुर, 20 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। सर्दियों के मौसम में घने कोहरे से उत्पन्न होने वाली रेल परिचालन चुनौतियों का समाधान करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष कदम उठाए हैं। इस पहल के तहत रेलवे के तीनों मंडलों में कुल 3657 फॉग सेफ डिवाइस स्थापित किए गये हैं। ये सभी उपकरण जीपीएस‑आधारित आधुनिक नेविगेशन प्रणाली से सुसज्जित हैं, जो लोको पायलटों को कोहरे के दौरान सिग्नल, रेलवे स्टेशन, लेवल क्रॉसिंग गेट तथा अन्य प्रमुख स्थलों की सटीक जानकारी प्रदान करते हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नेटवर्क मैदानी इलाकों के साथ‑साथ घने जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों से होकर गुजरता है। विशेषकर खोंगसरा एवं भनवारटंक के आसपास के रेलखंडों में सर्दियों के महीनों में कोहरा अक्सर ट्रेन परिचालन को कठिन बना देता है। ऐसे परिदृश्य में फॉग सेफ डिवाइस लोको पायलटों को मार्ग की पूर्व सूचना उपलब्ध कराकर दुर्घटना की संभावनाओं को काफी हद तक घटाता है।

उपकरण में स्थापित एंटीना के माध्यम से जीपीएस सिग्नल प्राप्त होते हैं और मेमोरी में रेलवे स्टेशन, सिग्नल, मानवित एवं अमानवित समपार फाटक, न्यूट्रल सेक्शन आदि के विवरण पहले से ही संग्रहीत होते हैं। स्क्रीन पर दिखने वाले डेटा के साथ-साथ ऑडियो अलर्ट भी सक्रिय होते हैं, जिससे लोको पायलट को अगले तीन निर्धारित सिग्नलों की जानकारी लगभग 500 मीटर पहले प्राप्त हो जाती है। इससे चालक समय पर सतर्क होकर आवश्यक ऑपरेशनल कदम उठा सकता है।

सामान्य परिस्थितियों में लोको पायलट दृश्य सिग्नल देखकर ट्रेनों को चलाते हैं, पर घने कोहरे में दृश्यता घटने से यह प्रक्रिया जोखिमपूर्ण हो जाती है। फॉग सेफ डिवाइस द्वारा दी जाने वाली पूर्व सूचना इस जोखिम को न्यूनतम करती है और परिचालन को अधिक व्यवस्थित बनाती है। यह उपकरण सिंगल लाइन, डबल लाइन, विद्युतीकृत तथा गैर‑विद्युतीकृत सभी प्रकार के रेलखंडों में उपयोगी है और इलेक्ट्रिक, डीजल, ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में स्थापित किया जा सकता है। इसमें 18 घंटे की इन‑बिल्ट रिचार्जेबल बैटरी बैकअप है, आकार छोटा, हल्का और पोर्टेबल होने के कारण इसे इंजन के कैब डेस्क पर आसानी से रखा जा सकता है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह पहल कोहरे के मौसम में ट्रेन परिचालन को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक और बेहतर परिचालन प्रबंधन के माध्यम से सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह संस्था प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *