Friday, November 20खबर जो असर करे |
Shadow

दुबई में नौकरी के नाम पर महिला को देह व्यापार में धकेला, दिव्यांग पति ने केंद्रीय मंत्री से मांगी मदद

पुणे। बेहतर नौकरी और अच्छी कमाई का सपना लेकर दुबई गई महाराष्ट्र की एक महिला कथित तौर पर धोखाधड़ी और शोषण का शिकार हो गई। उसे होटल में नौकरी और 1.25 लाख रुपये मासिक वेतन का भरोसा दिलाकर विदेश भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने पर कथित तौर पर देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर उसका पासपोर्ट छीनकर बंधक बना लिया गया और रिहाई के बदले पांच लाख रुपये मांगे गए। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के हस्तक्षेप और विदेश मंत्रालय की मदद से महिला को सुरक्षित भारत वापस लाया गया है। वह मुंबई पहुंच चुकी है।

मंत्री मुरलीधर मोहोल के कार्यालय की ओर से गुरुवार को जारी बयान के अनुसार, महिला के दिव्यांग पति ने पुणे के जंगली महाराज रोड स्थित उनके कार्यालय पहुंचकर मदद की गुहार लगाई थी। उसने बताया कि उसकी पत्नी दुबई में बंधक है और उसका पासपोर्ट भी छीन लिया गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महिला नौकरी की तलाश में विदेश गई थी। इसी दौरान व्हाट्सएप के माध्यम से एक व्यक्ति ने संपर्क कर होटल में नौकरी दिलाने और हर महीने 1.25 लाख रुपये वेतन देने का प्रस्ताव दिया था।

नौकरी का झांसा देकर शोषण का आरोप

दुबई पहुंचने के बाद महिला को कथित तौर पर देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया। जब उसने इसका विरोध किया तो उसे बंधक बना लिया गया। आरोप है कि उसका पासपोर्ट अपने कब्जे में रखकर रिहाई के बदले पांच लाख रुपये की मांग की गई। पति की शिकायत मिलने के बाद मोहोल के कार्यालय ने महिला से संपर्क स्थापित कर उसे सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की।

विदेश मंत्रालय और भारतीय वाणिज्य दूतावास ने की मदद

मोहोल ने मामले में विदेश मंत्रालय से संपर्क किया। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास की मदद से महिला का पता लगाने और उससे संपर्क बनाए रखने के प्रयास किए गए। इसके साथ ही यूएई में महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधि और आईपीएफ महाहेल्पलाइन के प्रमुख राहुल तुलपुले से भी सहायता मांगी गई।

लगातार प्रयासों के बाद महिला का पासपोर्ट वापस दिलाया गया और उसे बंधन से मुक्त कराया गया। महाहेल्पलाइन के सदस्यों ने उसे सुरक्षित भारतीय वाणिज्य दूतावास पहुंचाया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मंत्री के कार्यालय ने भारत लौटने के लिए हवाई टिकट की व्यवस्था की। इसके बाद महिला सुरक्षित मुंबई पहुंच गई।

एजेंटों के नेटवर्क की आशंका, जांच की मांग

मुरलीधर मोहोल ने पुणे पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई कि नौकरी का झांसा देकर महिलाओं को विदेश भेजने और वहां उनका शोषण करने के पीछे एजेंटों का संगठित नेटवर्क हो सकता है।

उन्होंने संबंधित सरकारी एजेंसियों के समन्वय से पूरे मामले की जांच करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लोगों को विदेश में नौकरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *