नई दिल्ली। देश में 21 नवंबर से शुरू होने जा रहा शादी का सीजन (India-Wedding-Season) अर्थव्यवस्था (Economy) और घरेलू खपत को बड़ी रफ्तार देने जा रहा है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) (Confederation of All India Traders – CAIT) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 21 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच देशभर में करीब 52 लाख शादियां होंगी। इनसे लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। इससे करीब 1.25 करोड़ अस्थायी और मौसमी रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
कैट की शोध शाखा कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने 25 राज्यों के 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 से ज्यादा व्यापारिक संगठनों से चर्चा के बाद यह रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुल कारोबार में वस्तुओं और खुदरा खरीदारी की हिस्सेदारी 54% यानी 4.05 लाख करोड़ रुपये रहेगी, जबकि सेवा क्षेत्र का योगदान 46% या 3.45 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
रोजगार और डिजिटल ट्रेंड को बढ़ावा
इस सीजन से खुदरा, विनिर्माण, आतिथ्य, परिवहन, खाद्य प्रसंस्करण और इवेंट मैनेजमेंट क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। डेकोरेटर्स, कैटरर्स, फोटोग्राफर, ट्रांसपोर्टर और हॉस्पिटैलिटी कर्मियों के लिए 1.25 करोड़ अस्थायी और पार्ट-टाइम नौकरियां पैदा होंगी। साथ ही, डिजिटल निमंत्रण, ऑनलाइन पेमेंट और एआई-आधारित वेडिंग प्लानिंग जैसे नए चलन व्यापार के नए अवसर खोल रहे हैं।
इन सेक्टरों में बरसेगा सबसे ज्यादा पैसा
खरीदारी के मोर्चे पर आभूषण और कीमती धातुओं का हिस्सा सबसे बड़ा (1.2 लाख करोड़ रुपये) रहने की उम्मीद है। इसके बाद परिधान, साड़ियों और कपड़ों पर 90,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, सेवा क्षेत्र में कैटरिंग और खाद्य सेवाओं से 75,000 करोड़ रुपये तथा मैरिज वेन्यू, बैंक्वेट हॉल और होटलों से 60,000 करोड़ रुपये का व्यवसाय होने की संभावना है। अकेले दिल्ली-एनसीआर में ही करीब पांच लाख शादियों से 2.5 लाख करोड़ रुपये का व्यापार होने की उम्मीद है।
शादी का सीजन महज सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सवों तक सीमित नहीं है। यह देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाली एक बड़ी ताकत बन चुका है। यह एक ऐसा सशक्त आर्थिक चक्र है, जो करोड़ों ग्राहकों, व्यापारियों, निर्माताओं, एमएसएमई, कारीगरों और सेवा प्रदाताओं को एकसाथ जोड़ता है। – प्रवीण खंडेलवाल, महासचिव, कैट
52 लाख विवाह समारोहों से होने वाले अनुमानित कारोबार से भारत के घरेलू बाजार और उपभोक्ता मांग की मजबूती का पता चलता है। अगर परिवार स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें तो इससे स्थानीय निर्माताओं, व्यापारियों और कारीगरों को बड़ा संबल मिलेगा। – बीसी भरतिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष, कैट
