Friday, November 20खबर जो असर करे |
Shadow

MP: वन विकास निगम ने वन विहार के 6 भालुओं को लिया गोद…. बाकी 9 को भी गोद लेने की घोषणा

भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में वन्यजीव संरक्षण (Wildlife Reserve) को बढ़ावा देने के लिए राज्य वन विकास निगम (State Forest Development Corporation) ने पहल की है. निगम ने भोपाल के वन विहार राष्ट्रीय उद्यान (Van Vihar National Park) में रह रहे 6 भालुओं को एक साल के लिए गोद लिया है. इसके लिए निगम की ओर से 6 लाख रुपये की राशि दी गई है. साथ ही निगम अध्यक्ष रामनिवास रावत ने वन विहार के बाकी 9 भालुओं को भी गोद लेने की घोषणा की है. इसके बाद उद्यान के सभी 15 भालुओं के अंगीकरण का रास्ता साफ हो गया है।


गुरुवार को वन्यप्राणी अंगीकरण योजना के तहत निगम अध्यक्ष रामनिवास रावत ने 6 लाख रुपये का चेक प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजोरा और वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के संचालक विजय कुमार को सौंपा। यह राशि निगम की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) निधि से दी गई है. इसका इस्तेमाल भालुओं की बेहतर देखभाल, भोजन, स्वास्थ्य और संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए किया जाएगा।


कार्यक्रम के दौरान निगम अध्यक्ष रामनिवास रावत ने वन विहार में मौजूद शेष 9 भालुओं को भी गोद लेने की घोषणा की. इस तरह वन विहार के सभी 15 भालुओं के अंगीकरण की व्यवस्था हो सकेगी। रावत ने कहा कि राज्य वन विकास निगम पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और जैव विविधता को बचाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा. वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना विकसित करना भी इन प्रयासों का हिस्सा है।


भालुओं के लिए अलग संरक्षित क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव
निगम के प्रबंध संचालक मनोज कुमार अग्रवाल ने भालुओं के लिए अलग से संरक्षित क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव रखा. उन्होंने कहा कि वन और वन्यजीवों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है. इसके लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।


प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजोरा ने वन विकास निगम की इस पहल के लिए अध्यक्ष रामनिवास रावत का आभार जताया. उन्होंने निगम के वन क्षेत्रों में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के वन्यजीव संरक्षण में योगदान की भी सराहना की।


2009 में शुरू हुई थी वन्यप्राणी अंगीकरण योजना
वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में वन्यप्राणी अंगीकरण योजना की शुरुआत 1 जनवरी 2009 को हुई थी. इसका उद्देश्य आम लोगों, संस्थाओं, कंपनियों और सार्वजनिक उपक्रमों को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना है। इस योजना के तहत कोई भी व्यक्ति या संस्था वन विहार में उपलब्ध सूची के अनुसार किसी वन्यप्राणी को मासिक, तीन महीने, छह महीने या एक साल के लिए गोद ले सकता है. इसके लिए निर्धारित राशि मध्यप्रदेश टाइगर फाउंडेशन सोसायटी के नाम चेक या बैंक ड्राफ्ट से जमा करनी होती है।


योजना के तहत अंगीकरण राशि पर आयकर अधिनियम की धारा 80जी (5) के प्रावधानों के अनुसार छूट का लाभ भी मिलता है. गोद लेने वाले व्यक्ति या संस्था के नाम की पट्टिका संबंधित वन्यप्राणी के बाड़े के सामने और वन विहार के दोनों प्रवेश द्वारों पर लगाई जाती है। वन विहार प्रबंधन के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक कुल 115 वन्यप्राणियों को गोद लिया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *