Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

आईएसपीएल सीजन-4 के लिए बेंगलुरु स्ट्राइकर्स तैयार, ऋतिक रोशन को टीम से खिताब जीतने की उम्मीद

नई दिल्ली, 19 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) के चौथे सीजन के लिए बेंगलुरु स्ट्राइकर्स पूरी तरह तैयार है। टीम के मालिक ऋतिक रोशन ने खिलाड़ियों को बेहतरीन बताते हुए भरोसा जताया कि इस बार बेंगलुरु स्ट्राइकर्स के पास खिताब जीतने का मजबूत मौका है।

बेंगलुरु स्ट्राइकर्स ने खिलाड़ियों की नीलामी के बाद 18 सदस्यीय नई टीम तैयार की है। टीम ने सभी विभागों में मजबूती लाने पर ध्यान दिया है, जिसमें योगेश पेनकर और सुमीत ढेकाले जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा टीम में गौरेश नागवेकर, फिरोज शेख, जैद खान, जिग्नेश पटेल और मयूर वाघमारे जैसे खिलाड़ी भी हैं। नई टीम में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन के अच्छे विकल्प मौजूद हैं। पिछले सीजन में शीर्ष पांच टीमों में जगह बनाने वाली बेंगलुरु स्ट्राइकर्स इस बार अपने प्रदर्शन को और बेहतर करना चाहेगी। टीम का लक्ष्य खिताब की मजबूत दावेदारी पेश करना होगा।

आगामी सीजन की तैयारियों और टीम से उम्मीदों पर ऋतिक रोशन ने एक बयान में कहा कि “मैं नए सीजन और इस टीम की संभावनाओं को लेकर बेहद उत्साहित हूं। हमारे साथ कुछ शानदार खिलाड़ी जुड़े हैं और मुझे लगता है कि हमारे पास एक बेहतरीन टीम है। बेंगलुरु स्ट्राइकर्स से जुड़े सभी लोग शुरुआत करने के लिए उत्सुक हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार हमारे पास खिताब जीतने का मजबूत मौका है।”

उभरते खिलाड़ियों को मंच देने में आईएसपीएल की भूमिका पर बात करते हुए अभिनेता ने कहा कि “मेरे लिए आईएसपीएल की सबसे अच्छी बात यह है कि यह उन खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करती है, जिन्हें शायद कहीं और ऐसा मौका न मिल पाता। हमारे देश में बहुत प्रतिभा है और मुझे लगता है कि आईएसपीएल जैसी लीग उन प्रतिभाओं को सामने लाने में मदद कर सकती है। मुझे उम्मीद है कि इस लीग से निकले खिलाड़ी आगे चलकर बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे और भारतीय क्रिकेट में बड़े स्तर पर योगदान देंगे।”

आईएसपीएल का चौथा सीजन गोवा में आयोजित हो रहा है। लीग का लक्ष्य पिछले सीजन से मिल रहे उत्साह को आगे बढ़ाने के साथ उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और बड़ा अवसर देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *