Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

पीजीए ऑफ अमेरिका और विमत्रा वेंचर्स ने भारत में गोल्फ सुविधा विकास की साझेदारी की घोषणा

सैन फ्रांसिस्को (टेक्सास), 19 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। पीजीए ऑफ अमेरिका की प्रमुख गोल्फ संस्था ने भारत में गोल्फ के विकास को नई दिशा देने के लिए सैन फ्रांसिस्को स्थित वेंचर कैपिटल फर्म विमत्रा वेंचर्स के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के तहत भारत में पीजीए ब्रांडेड गोल्फ कम्युनिटी तैयार की जाएगी।

प्रस्तावित परियोजना में आधुनिक गोल्फ सुविधा और आवासीय कम्युनिटी का निर्माण किया जाएगा। यहाँ रहने वाले लोगों और आगंतुकों को पीजीए से प्रेरित गोल्फ कार्यक्रम, कोचिंग, खिलाड़ियों के विकास से जुड़ी पहल और प्रीमियम गोल्फ सुविधाओं का लाभ मिलेगा। परियोजना की पहली सुविधा 2029 में तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शुरू करने की योजना है।

इस साझेदारी से विमत्रा वेंचर्स का भारतीय गोल्फ में निवेश भी आगे बढ़ेगा। कंपनी हाल ही में स्थापित एएम ग्रीन इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) में चेन्नई लायंस जीसी फ्रेंचाइजी की मालिक है। यह टीम अनुभवी भारतीय गोल्फर गगनजीत भुल्लर के नेतृत्व में हैदराबाद और विशाखापत्तनम में लगातार दो आईजीपीएल खिताब जीत चुकी है।

इस परियोजना का उद्देश्य केवल गोल्फ कोर्स विकसित करना नहीं बल्कि गोल्फ को केंद्र में रखकर ऐसा आवासीय और मनोरंजक वातावरण तैयार करना है, जहां लोग खेल से जुड़ सकें और इसे अपने जीवन का हिस्सा बना सकें।

सीन थॉर्नबेरी, पीजीए ऑफ अमेरिका के ग्लोबल डेवलपमेंट निदेशक ने कहा, “भारत, वैश्विक स्तर पर गोल्फ के विकास के लिए बेहतरीन दीर्घकालिक अवसर पेश करता है। विमत्रा वेंचर्स के साथ साझेदारी से हमें पीजीए ऑफ अमेरिका के ब्रांड की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को ऐसे संगठन की विशेषज्ञता के साथ जोड़ने का अवसर मिलेगा, जो भारत के निवेश परिदृश्य और गोल्फ बाजार को अच्छी तरह समझता है। हम इस नई परियोजना को लेकर उत्साहित हैं। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को गोल्फ से जोड़ने के साथ भारत में गोल्फ आधारित आवासीय जीवनशैली के लिए एक नया मानक स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा।”

सुभाष यम्माडा, विमत्रा वेंचर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा, “भारत में गोल्फ एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इसके पीछे उपभोक्ताओं की बढ़ती रुचि, निवेश में विस्तार और प्रीमियम लाइफ स्टाइल अनुभवों की बढ़ती मांग है। पीजीए ऑफ अमेरिका के साथ साझेदारी से हमें गोल्फ के सबसे प्रतिष्ठित ब्रांडों में से एक को भारत लाने का मौका मिला है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *