Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

जबलपुर में तेज़ रफ्तार ट्रक से तीन मौतें, पांच लोगों को कुचला

जबलपुर, 19 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में, गुरुवार के तड़के एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने सड़क के बाहर अलाव ताप रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू ढाबे के संचालक समेत दो लोग घायल हो गए। ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को टक्कर मारी और फिर लोगों को रौंदते हुए कुछ दूर जाकर पलट गया। घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 3 बजे सोनू ढाबे के सामने हुआ। पुलिस के मुताबिक, मक्का से भरा ट्रक (एमपी 20 एचबी 1200) शहपुरा की ओर से जबलपुर आ रहा था। उस समय ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे, जबकि कुछ ठंड से बचने के लिए बाहर अलाव ताप रहे थे। तभी तेज़ रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गया। इसके बाद वहाँ मौजूद लोगों को कुचलते हुए पलट गया।

सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र (अदिवासी) के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ढाबे में कर्मचारी था। हादसे में सोनू और ढाबा संचालक घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे खड़ी बोलरो, कार और पिकअप भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने वाहनों को टक्कर मारने के बाद भी उसे नियंत्रित करने की कोशिश नहीं की। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *