
वाराणसी, 19 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ के सचिव ए. के. रायजादा और आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने आज रामकटोरा स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकार वार्ता आयोजित की। उन्होंने बताया कि 63वीं सेठ एम आर जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन 29 नवंबर से नौ दिसंबर 2026 तक वाराणसी के सेठ एम. आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस के बाबतपुर कैंपस में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन और वाराणसी शतरंज संघ के संयुक्त सहयोग से, ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के तत्वावधान में हो रही है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर के प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है, जिसके विजेताओं को इनाम में तीस लाख रुपए की धनराशि मिलेगी। पत्रकार वार्ता में बताया गया कि यह ग्यारह दिवसीय विशाल आयोजन प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहली बार हो रहा है। इस अवसर पर अनेक गणमान्य अतिथियों व खेल प्रेमियों का भी आगमन होगा।
प्रतियोगिता में 33 राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेशों व संस्थागत इकाइयों के विजेता एवं खुले प्रवेश के माध्यम से कुल 500 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इसमें 22 ग्रैण्ड मास्टर, 30 इंटर्नेशनल मास्टर और 50 से अधिक अन्य खिताबधारी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। चयनित खिलाड़ी विभिन्न विश्व स्तर की शतरंज प्रतियोगिताओं में भारतीय शतरंज दल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अध्यक्ष बजाज ने कहा कि यह 63वीं सेठ एम. आर. जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप वाराणसी 2026 का मैत्रीपूर्ण चेहरा और काशी के गौरवशाली प्रतिनिधि के रूप में प्रतिबिम्बित है। शीर्ष दस स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र और पुरस्कार राशि मिलेगी: प्रथम स्थान पर छः लाख, द्वितीय पर पांच लाख, तृतीय पर चार लाख, चौथे पर तीन लाख, पाँचवें एवं छठे पर दो लाख पचास हजार प्रत्येक, सातवें एवं आठवें पर दो लाख प्रत्येक तथा नौवें एवं दसवें पर एक लाख पचास हजार। प्रतियोगिता 11 राउंड में चलेंगी।
कार्यक्रम के कुशल संयोजन हेतु नगर के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से युक्त एक संरक्षक मंडल बनाया गया है। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मित्र ‘दयालु’, वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी, मंडलायुक्त एम. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर. के. चौधरी और सेठ एम. आर. जैपुरिया स्कूल्स समूह के उपाध्यक्ष श्रीवत्स जैपुरिया शामिल हैं।
पत्रकार वार्ता में विजय कुमार को आयोजन सचिव और तुषार सारस्वत को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई। आयोजन समन्वयक के रूप में आनंद सिंह, शम्स तबरेज, संजय सिन्हा, सी. के. गांगुली, माहब अहमद फारुकी, दिनेश कुमार पाण्डेय, डी.डी. पाठक, राजीव श्रीवास्तव उपस्थित रहे। मनोज कुमार बजाज, श्यामसुंदर बजाज, अनिल के जाजोदिया और जैपुरिया बाबतपुर की प्रधानाचार्या सुधा सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
