Tuesday, November 17खबर जो असर करे |
Shadow

नेपाल ने 3G बंद कर 4G पर ध्यान केंद्रित किया: एनसेल और नेपाल टेलिकॉम की योजनाएँ

काठमांडू, 17 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। नेपाल के दूरसंचार क्षेत्र में एक बड़ा तकनीकी बदलाव होने जा रहा है। देश के दो प्रमुख दूरसंचार सेवा प्रदाता – निजी क्षेत्र की एनसेल और सरकारी स्वामित्व वाली नेपाल टेलिकॉम – अपनी देशव्यापी 3 जी सेवा बंद कर 4G तकनीक पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने की तैयारी कर रहे हैं।

दुनियाभर में दूरसंचार कंपनियां पुरानी पीढ़ी की मोबाइल तकनीक को हटाकर नई तकनीक और नेटवर्क क्षमता के विस्तार में निवेश कर रही हैं। इसी क्रम में नेपाल की दोनों प्रमुख कंपनियों ने भी 3 जी नेटवर्क बंद करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

एनसेल ने दिसंबर 2026 तक देशभर में 3 जी सेवा पूरी तरह बंद करने का लक्ष्य रखा है। वहीं, नेपाल टेलिकॉम भी चालू वित्त वर्ष के भीतर ही 3 जी सेवा पूरी तरह समाप्त करने की तैयारी कर रहा है।

एनसेल के अनुसार, कंपनी ने कुल 3,139 नेटवर्क साइटों में से 992 साइटों पर 3 जी सेवा बंद कर दी है, जो लगभग 32 प्रतिशत है। बचे हुए लगभग 2,150 साइटों पर चरणबद्ध तरीके से सेवा समाप्त की जाएगी। एनसेल पहले चरण में लुंबिनी और गंडकी प्रदेश में 3 जी बंद करेगा, फिर बागमती, मधेश, गंडकी तथा कोशी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में धीरे-धीरे समाप्त करेगा।

कंपनी के कुल सक्रिय ग्राहकों में केवल 3 प्रतिशत ग्राहक अभी 3 जी का उपयोग कर रहे हैं, हालांकि 4 लाख 20 हजार से अधिक ग्राहकों के पास अभी भी 3 जी सिम मौजूद हैं। एनसेल का दावा है कि उसकी 4G सेवा देश की 95 प्रतिशत आबादी तक पहुँच चुकी है। 4G में निवेश से उपलब्ध स्पेक्ट्रम का अधिकतम उपयोग संभव होगा।

ग्राहकों को 4G पर वॉयस कॉल करने के लिए V.O.L.T.E तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे डेटा उपयोग करते हुए भी स्पष्ट व तेज कॉल मिल सके।

एनसेल ने स्पष्ट किया है कि 3 जी बंद होने के बावजूद ग्राहक बुनियादी संचार सुविधाओं से वंचित नहीं होंगे। जिन ग्राहकों के पास 4 जी सपोर्ट नहीं करने वाले पुराने मोबाइल फोन हैं, वे 2 जी नेटवर्क के जरिए सामान्य वॉयस कॉल और एसएमएस सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे।

नेपाल टेलिकॉम के प्रवक्ता कमल लामिछाने ने बताया कि नेपाल ही नहीं, बल्कि दुनिया के अधिकांश देशों में दूरसंचार कंपनियां 3 जी को धीरे-धीरे विस्थापित कर रही हैं। इसी प्रक्रिया के तहत नेपाल टेलिकॉम 2026/27 में अपनी 3 जी सेवा पूरी तरह बंद करना चाहता है। वर्तमान में वे 2100 MHz बैंड पर 3 जी सेवा संचालित कर रहे हैं।

3 जी बंद होने के बाद ग्राहक 4 जी और सामान्य वॉयस कॉल के लिए 2 जी नेटवर्क का उपयोग कर सकेंगे। डेटा और वॉयस दोनों सुविधा एक ही नेटवर्क से चाहने वाले ग्राहक V.O.L.T.E ले सकते हैं।

दोनों कंपनियों ने अब तक देश के 760 स्थानीय निकायों तक 4 जी सेवा पहुँचा दी है, और शेष निकायों में भी नेटवर्क विस्तार की योजना पर काम कर रहे हैं।

नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण के आश्विन महीने तक के आंकड़ों के अनुसार, अभी भी 7 लाख 38 हजार 761 ग्राहक 3 जी का उपयोग कर रहे हैं (नेपाल टेलिकॉम: 6 लाख 42 हजार 720, एनसेल: 96 हजार 41)। जबकि 4 जी ग्राहकों की संख्या 2 करोड़ 68 लाख 58 हजार 267 है (नेपाल टेलिकॉम: 1 करोड़ 47 लाख 14 हजार 276, एनसेल: 1 करोड़ 21 लाख 43 हजार 991)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *