उज्जैन। प्रसिद्ध रामकथा वाचक मोरारी बापू स्वस्तिक यात्रा के तहत मंगलवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वे शिप्रा नदी के रामघाट पहुंचे, जहां उन्होंने पूजन किया। बाद में आयोजित रामकथा में शामिल होकर हजारों श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण कराया।
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मोरारी बापू ने कहा कि महाकाल के दर्शन कर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। बाबा महाकाल ने प्रसन्न होकर दर्शन दिए और उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
स्वस्तिक यात्रा के उद्देश्य पर उन्होंने कहा कि यह यात्रा भगवान की प्रेरणा से प्रारंभ हुई है। जगद्गुरु आदि शंकराचार्य ने चार पीठों की स्थापना कर जिन स्थानों पर धर्म का प्रचार-प्रसार किया था, वहां वैदिक सनातन धर्म का संदेश पहुंचाना इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। यह यात्रा लोगों को आध्यात्मिकता और सनातन परंपरा से जोड़ने का प्रयास है।
रामकथा के महत्व पर बापू ने कहा कि रामकथा संवाद का शास्त्र है। यह मनुष्य को जीवन में आगे बढ़ने और अपने जीवन को बेहतर बनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि लोगों को सनातन धर्म से जोड़ने के लिए इस तरह की यात्राएं आयोजित होनी चाहिए। इनमें पदयात्रा का विशेष महत्व है और यह लोगों तक संदेश पहुंचाने का श्रेष्ठ माध्यम है।
युवाओं, विशेषकर जेन-जी को संदेश देते हुए मोरारी बापू ने भगवान श्रीहनुमान को अपना आदर्श बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा यदि हनुमानजी के आदर्शों पर चलेंगे तो उनका भविष्य उज्ज्वल होगा और इससे राष्ट्र का गौरव भी बढ़ेगा।
उल्लेखनीय है कि मोरारी बापू की रामकथाएं देश-विदेश में 900 से अधिक स्थानों पर आयोजित हो चुकी हैं। अगस्त 2023 में वे 12 ज्योतिर्लिंगों की विशेष रामकथा यात्रा ‘मानस-900’ के तहत भी उज्जैन आए थे। उस दौरान वे विशेष ट्रेन से शहर पहुंचे थे और बाबा महाकाल के दर्शन के बाद सरस्वती स्कूल के पास रामकथा सुनाई थी। इससे पहले भी वे सिंहस्थ सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए उज्जैन आते रहे हैं।
