नई दिल्ली। दिल्ली (Delhi) और आस-पास के शहरों की हवा (Air) दिवाली (Diwali) के बाद से लगातार खराब स्तर पर दर्ज की जा रही है। कई इलाकों में तो एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) (Air Quality Index – AQI) 350 से 400 के बीच दर्ज किया जा रहा है। खराब हवा के मुद्दे पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) (All India Students Association -AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा (Neha Bora) केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव (Bhupender Yadav) को घेर रही हैं।
नेहा ने भूपेंद्र यादव को मेल लिखकर मुलाकात का समय मांगा था मगर उन्हें अबतक जवाब नहीं मिला है। इस बीच इंतजार करने के बाद जवाब न मिलने पर नेहा बोरा ने ऐलान किया है कि वे सोमवार को भूपेंद्र यादव के दफ्तर पहुंच रही हैं।
वीडियो शेयर क्या बोलीं नेहा बोरा?
नेहा बोरा ने रविवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर जानकारी दी है कि वे सोमवार (16 नवंबर) को पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के दफ्तर पहुंच रही हैं। नेहा ने बताया कि ‘नागरिकों ने अपनी तरफ से भूपेंद्र यादव को जो मेल लिखा था मिलने के लिए उसका कोई जवाब नहीं आया है। भवरीन कंधारी एक वॉरियर मॉम जो क्लाइमेट चेंज के खिलाफ लड़ रही हैं। उर्वशी प्रसाद जो खुद एक कैंसर पीड़िता हैं और पर्यावरणीय मुद्दों पर लगातार काम कर रही हैं। रिटायर्ड कैप्टन आशीष जैकब जो लगातार एयर पॉल्यूशन के खिलाफ मुहिम छेड़े हुए हैं और मैं हम सब लोगों ने भूपेंद्र यादव को एक मेल भेजा। लेकिन हमारे परिवारों की जिंदगी, हमारे दोस्तों की जिंदगी और भविष्य ऐसे लोगों के हाथ में है जो एक पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी के बीच में या तो भूपेंद्र यादव जैसे चुप्पी साधे हुए हैं या रेखा गुप्ता मोहन भागवत जैसे लोगों की तरह एक से बढ़कर एक अवैज्ञानिक वजहें देकर के पॉल्यूशन को जस्टिफाई कर रहे हैं।’
लोगों से भी की है अपील
नेहा बोरा ने लोगों से अपील करते हुए वीडियो में आगे कहा ‘आप तय करिए कि आप क्या करेंगे। हम कल भूपेंद्र यादव का ऑफिस है, वहां 2 बजे पहुंच रहे हैं अपने भविष्य के लिए एक बेहतर कल के लिए, सांस लेने के आधिकार और जिंदगी के अधिकार के लिए आपके सोमवार का क्या प्लान है, ये आप तय कीजिए।’
शनिवार को भी वीडियो शेयर कर घेरा था
वायु प्रदूषण के मुद्दे पर भूपेंद्र यादव को लिखे मेल का जवाब न मिलने पर नेहा बोरा ने शनिवार को भी एक वीडियो जारी कर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि ‘दो दिन पहले 12 नवंबर को हमने पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को एक मेल लिखा, पर्यावरण मंत्रालय को भी वह मेल भेजा था। हम जहरीली हवा में सांस लेने के लिए मजबूर क्यों हैं, इस बात का जवाब वो हमें दें। दो दिन के बाद भी न भूपेंद्र यादव ने हमें जवाब दिया और ना ही उनके ऑफिस ने। एक पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी के बीच में एक पर्यावरण मंत्री की चुप्पी का क्या मतलब है।’
