Tuesday, November 17खबर जो असर करे |
Shadow

सिंधु जल संधि पर भारत को धमकी देने वाले पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक आएंगे दिल्ली, एससीओ मंच पर उठा सकते हैं मुद्दा

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि को लेकर जारी विवाद के बीच पाकिस्तान ने अपने जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यता संवाद मंच में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया है। 20 नवंबर से शुरू होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में उनकी भागीदारी को कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि उनका दौरा होता है तो तीन साल से अधिक समय बाद पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आएगा।

मुसादिक मलिक वही पाकिस्तानी मंत्री हैं, जिन्होंने सिंधु जल संधि के मुद्दे पर भारत को धमकी देते हुए कहा था कि जो भी उनके देश के पानी पर हाथ डालेगा, उसका हाथ काट दिया जाएगा। उनके इस पुराने बयान को देखते हुए उनके भारत दौरे और एससीओ मंच पर संभावित रुख को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाने की तैयारी

सरकारी सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से मुसादिक मलिक को प्रतिनिधि बनाने के फैसले को सिंधु जल संधि विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान इस बहुपक्षीय मंच का इस्तेमाल भारत के उस फैसले के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए कर सकता है, जिसके तहत सिंधु जल संधि को फिलहाल स्थगित रखा गया है।

पाकिस्तान ने सांस्कृतिक संवाद के लिए जलवायु परिवर्तन मंत्री को नामित किया है, जिन्हें इस्लामाबाद में जल संसाधनों और भारत से जुड़े मुद्दों पर मुखर रुख रखने वाले नेताओं में गिना जाता है। ऐसे में उनके दौरे के दौरान संधि का मुद्दा उठने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान

मुसादिक मलिक का चयन उनके पुराने बयानों के कारण भी चर्चा में है। इस साल 29 जून को सिंधु जल संधि के मुद्दे पर उन्होंने भारत को चेतावनी देते हुए कहा था कि जो कोई भी पाकिस्तान के पानी पर हाथ डालेगा, उसका हाथ काट दिया जाएगा।

उनके इस बयान को भारत के खिलाफ आक्रामक रुख के तौर पर देखा गया था। अब एससीओ के सभ्यता संवाद मंच में उनकी संभावित भागीदारी के बाद इस बात पर नजर रहेगी कि वह इस बहुपक्षीय मंच पर भारत के साथ संबंधों और सिंधु जल संधि को लेकर क्या रुख अपनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *