
आगरमालवा, 14 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ौद पुलिस ने दो अवैध देशी पिस्टल के साथ एक आरोपी को हिरासत में लिया है। जांच में पता चला कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 65 हजार रुपये की सामग्री जब्त की।
पुलिस को स्थानीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खंदवास के डग रोड पर स्थित राधास्वामी आश्रम के पास एक व्यक्ति काले रंग का बैग लेकर खड़ा है, जिसमें पिस्टलें होंगी। सूचना प्राप्त करने पर बड़ौद पुलिस ने स्वतंत्र पंचों की मौजूदगी में सूचना का पंचनामा तैयार किया और तय स्थान पर घेराबंदी कर ली।
घेराबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गये हुलिए के एक व्यक्ति को आश्रम के पास सड़क किनारे काले रंग का बैग टांगते देखा गया। पुलिस को देख कर वह भागने की कोशिश कर रहा था, परन्तु उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम आमिर खान (28), पिता का नाम शाबीर खान, निवास स्थान फुटला तालाब, अंजड़, बड़वानी बताया।
तलाशी में आरोपी के बैग से दो देशी पिस्टल बरामद हुईं। जब पूछताछ में हथियारों के लाइसेंस के बारे में पूछा गया तो आरोपी ने कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया। दोनों पिस्टलों के फायरिंग पिन और ट्रिगर चालू हालत में मिले।
पुलिस ने इन दोनों पिस्टलों को विधिवत जब्त कर सीलबंद कर दिया। आरोपी के विरुद्ध थाना बड़ौद में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। बरामद हथियारों को थाने के मालखाने में जमा कराया गया।
