Tuesday, November 17खबर जो असर करे |
Shadow

छठ पूजा पटना डॉट कॉम: डिजिटल वेब ऐप से श्रद्धालु मिलेंगी एक क्लिक पर सभी सुविधाएँ

पटना, 14 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर पटना जिला प्रशासन ने छठ महापर्व 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष डिजिटल व्यवस्था तैयार की है। इस पहल के तहत छठ पूजा पटना डॉट कॉम (chhathpujapatna.com) नाम से एक आधिकारिक वेब ऐप विकसित किया गया है, जो एक ही क्लिक में घाटों की स्थिति, शौचालय, वस्त्र बदलने के कक्ष, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं की सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराता है।

इस ऐप की खास बात यह है कि यह बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी कार्य करेगा। इस सुविधा से, नेटवर्क की कमी के बावजूद श्रद्धालु घाटों पर पहुँचने से पहले ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। डिजिटल तकनीक के माध्यम से छठ महापर्व को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना जिला प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य है।

इस वर्ष छठ के अवसर पर जिला प्रशासन ने 607 अस्थायी शौचालय, 560 यूरिनल, 453 वस्त्र बदलने के कक्ष, तथा 321 नाव एवं नाविकों की व्यवस्था की है। सुरक्षा के लिए 432 गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की नौ और एसडीआरएफ की आठ टीमों को तैनात किया गया है।

ऐप खोलते ही उपयोगकर्ताओं को पटना के छठ घाटों का विस्तृत नक्शा दिखाई देगा, जिससे वे अपने निकटतम घाट की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की जाँच कर सकें। नक्शे पर 90 सुरक्षित घाट, 8 खतरनाक घाट और 7 अनुपयुक्त घाट चिह्नित हैं। इसके अलावा 9 प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, 19 सहायता केंद्र, 25 शौचालय स्थल, 27 वस्त्र बदलने के कक्ष, 14 पेयजल केंद्र और 46 पार्किंग स्थलों की भी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।

खतरनाक और अनुपयुक्त घोषित घाटों के लिए ऐप पर मार्ग का नक्शा नहीं दिखाया जाएगा, ताकि श्रद्धालु अनजाने में जोखिम वाले स्थानों पर न पहुँचें।

श्रद्धालु अपनी ज़रूरत के अनुसार ऐप पर उपलब्ध विकल्पों पर क्लिक करके संबंधित सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ले सकेंगे। इस डिजिटल पहल के जरिए लाखों श्रद्धालुओं को घाटों पर जाने से पहले ही सम्पूर्ण जानकारी मिल सकेगी, जिससे उन्हें सुविधाओं की तलाश में भटकने की परेशानी नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *