Tuesday, November 17खबर जो असर करे |
Shadow

रायपुर में ओडिशा के आरोपित सहित दो गिरफ्तार, 2.522 किलोग्राम गांजा और मोटरसाइकिल जब्त

रायपुर, 14 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ तेज कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक अंतरराज्यीय आरोपित सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारियों के साथ ही 2.522 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.66 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि आमानाका थाना क्षेत्र के सरोना रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित जेपी गार्डन के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में हैं। इस सूचना के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके थैले से गांजा बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधाकांत राणा (56), निवासी बालांगीर, ओडिशा और परमानंद साहू (40), निवासी ग्राम पोहंदा, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस ने 2.522 किलोग्राम गांजा की कीमत लगभग 1,26,100 रुपये और मोटरसाइकिल को भी जब्त किया। कुल जब्ती की कीमत लगभग 1,66,100 रुपये बताई गई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 381/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर कार्यवाही की गई है। पुलिस ने गांजे की सप्लाई के स्रोत और संभावित खरीदारों के नेटवर्क की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया जारी रखी है।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 102 मामलों में 222 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और कुल मिलाकर 7.39 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *