
सहरसा, 14 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। कोशी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोशी अभियान के तहत पुलिस को निरंतर सफलता मिल रही है। पिछले एक सप्ताह (7 से 13 नवंबर) में पुलिस ने कुल 1367.435 लीटर अवैध शराब, 1296 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप, 16.425 किलोग्राम गांजा तथा 51.12 ग्राम स्मैक बरामद किए हैं। इस दौरान अवैध शराब के मामलों में 81 और सूखा नशा के मामलों में 11 सहित कुल 92 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
अभियान के प्रमुख पुलिस उपमहानिरीक्षक कोशी क्षेत्र डॉ. कुमार आशीष के निर्देशन में नशीले पदार्थों के साथ 18 एमएल नशीला इंजेक्शन, 15 मोटरसाइकिल, दो तीनपहिया व दो चारपहिया वाहन, एक साइकिल, दो मोबाइल, दो डिजिटल तराजू तथा 1,04,210 रुपये नकद भी जब्त किए गए। अन्य अवैध व्यापार में इस्तेमाल होने वाले सामान भी बरामद हुए।

अभियान की शुरुआत फरवरी 2026 से हुई, और तब से कुल 87,417.733 लीटर अवैध शराब, 5,762.491 लीटर कफ सिरप, 8,271.219 किलोग्राम गांजा और 9,443.102 ग्राम स्मैक बरामद किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 13,220 एमएल नशीला इंजेक्शन, 325 नशीली टैबलेट, हथियार, कारतूस, विभिन्न प्रकार के वाहन, मोबाइल और अन्य सामान भी जब्त हुए। इस अवधि में कुल 2,809 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि 66,96,202 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद हुई।
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने आम जनता से सक्रिय सहयोग की अपील की है और हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार की जानकारी दी जा सकती है; सूचना देने वाले का मोबाइल नंबर व पहचान पूरी तरह गोपनीय रहेगी। महत्वपूर्ण सूचना देने वाले को पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा उपयुक्त इनाम भी प्रदान किया जाएगा।
13 नवंबर को सहरसा बस्ती स्थित बीजीपीएस स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, आम लोग और महिलाएं शामिल हुए। पुलिस ने आम जनता से नशा के खिलाफ अभियान में भागीदार बनने और तस्करों की सूचना देने की पुनः अपील की।
