
पटना, 14 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर पटना जिला प्रशासन ने छठ महापर्व 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को बेहतर बनाने हेतु एक विशेष डिजिटल व्यवस्था तैयार की है। इस योजना के अंतर्गत छठ पूजा पटना डॉट कॉम (chhathpujapatna.com) नामक आधिकारिक वेब ऐप विकसित किया गया है, जो एक क्लिक में घाटों, शौचालय, पार्किंग, चिकित्सा और सुरक्षा इंतजामों की पूरी जानकारी प्रदान करता है और इंटरनेट न होने पर भी कार्य करता है।
ऐप के माध्यम से श्रद्धालु छठ घाटों की स्थिति, शौचालय, वस्त्र बदलने के कक्ष, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था जैसी सभी आवश्यक जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकते हैं। इस वर्ष पटना जिला प्रशासन ने 607 अस्थायी शौचालय, 560 यूरिनल, 453 वस्त्र बदलने के कक्ष, तथा 321 नाव एवं नाविकों की व्यवस्था की है। सुरक्षा के लिए 432 गोताखोरों के साथ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की नौ टीमें और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की आठ टीमें तैनात रहेंगी।
वेब ऐप खोलते ही उपयोगकर्ता को पटना के छठ घाटों का नक्शा दिखाया जाता है, जिसमें 90 सुरक्षित घाट, 8 खतरनाक घाट और 7 अनुपयुक्त घाट चिह्नित होते हैं। साथ ही 9 प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, 19 सहायता केंद्र, 25 शौचालय स्थल, 27 वस्त्र बदलने के कक्ष, 14 पेयजल केंद्र और 46 पार्किंग स्थलों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध है। खतरनाक एवं अनुपयुक्त घाटों के लिए मार्ग का नक्शा नहीं दिखाया जाता, ताकि श्रद्धालु अनजाने में जोखिम वाले स्थानों पर न पहुँचे।
इस पहल से श्रद्धालुओं को घाटों पर पहुँचने से पहले ही सभी आवश्यक जानकारी मिल जाएगी, जिससे उन्हें सुविधाओं की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा और छठ महापर्व को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक बनाना प्रशासन की प्रमुख उपलब्धि माना गया है।
