
जबलपुर, 14 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि जबलपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में सफाई मित्रों का समर्पण, मेहनत और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता मुख्य कारण हैं।
शनिवार को मानस भवन में आयोजित सफाई मित्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने संबोधन देते हुए सफाई मित्रों और शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ी है।

स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार के प्रयास जारी हैं। इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए 75 करोड़ रुपये की राशि मिलने की मंजूरी मिली है, जिससे जबलपुर नगर निगम को स्वयं से खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी।
सफाई व्यवस्था को मजबूत करने हेतु सीएनजी वाहन की संख्या 102 से बढ़ाकर 182 किया जाएगा। इससे कार्यक्षमता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नमस्ते योजना के अंतर्गत सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मध्यप्रदेश के अन्य शहरों जैसे उज्जैन और देवास ने भी स्वच्छता में प्रशंसनीय स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जबलपुर से भोपाल और इंदौर तक के इकोनॉमिक कॉरिडोर से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
महापौर जगत बहादुर सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि सभी की मेहनत का फल है और विशेष आभार मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को व्यक्त किया। कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, डॉ. अभिलाष पांडे, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज और अन्य राजनेताओं एवं अधिकारियों का भी स्वागत किया गया।
समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों पर पुष्प वर्षा कर सम्मानित किया और प्रशस्ति पत्र व सुरक्षा किट का वितरण किया।
