Tuesday, November 17खबर जो असर करे |
Shadow

धान खरीद की तैयारियों का एसडीएम ने लिया जायजा, अछोटा केंद्र का किया निरीक्षण

धमतरी, 14 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होने वाली है। इस प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाने और विभिन्न उदार्जन केंद्रों में की गई तैयारियों की समीक्षा करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी डॉ. कल्पना ध्रुव ने ग्रामीण सेवा सहकारी समिति अछोटा के धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में किसानों की सुविधा हेतु स्थापित विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने केंद्रीय तौलाई, नमी परीक्षण, बारदानों की उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन तथा पेयजल और छायादार बैठने की व्यवस्था की जांच की। इस दौरान उन्होंने सम्बंधित अधिकारी एवं समिति प्रबंधकों को स्पष्ट दिशा‑निर्देश भी प्रदान किए।

डॉ. कल्पना ध्रुव ने कहा, “ध्यान रखें कि धान खरीद के दौरान किसान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करें। लाए गए धान का परीक्षण और तौल निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होना चाहिए। साथ ही सभी अभिलेखों को व्यवस्थित रूप से संधारित करके शासन के दिशा‑निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।” उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि केंद्र में साफ‑सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को हमेशा बनाए रखा जाये और कोई भी अनियमितता सामने आने पर तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया जाये।

एसडीएम ने यह भी रेखांकित किया कि धान खरीद शासन की प्राथमिकता है और इसलिए किसानों की सुविधा, पारदर्शिता एवं नियमानुसार खरीद सुनिश्चित करने हेतु सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। उल्लेखनीय है कि जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से खरीद प्रारम्भ होगी और प्रशासन ने पहले दिन से ही किसानों को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक रूप से अपनी उपज बेचने की व्यवस्था कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *