Tuesday, November 17खबर जो असर करे |
Shadow

किसान सभा का 36 वां राष्ट्रीय सम्मेलन 15‑18 नवम्बर नालगोंडा में शुरू

कोरबा, 14 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। अखिल भारतीय किसान सभा का 36 वां राष्ट्रीय सम्मेलन 15‑18 नवंबर तक तेलंगाना के नालगोंडा में आयोजित किया जाएगा। इस मंच में देश भर से चुने गये लगभग 800 प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत झा, दीपक साहू, दामोदर श्याम के साथ-साथ विभिन्न जिलों से छत्तीसगढ़ किसान सभा के राज्य सम्मेलन से निर्वाचित 10 प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

प्रशांत झा ने बताया कि वर्तमान में किसान सभा के पास 1.59 करोड़ सदस्य हैं, जिससे यह देश का सबसे बड़ा किसान संगठनों में गिना जाता है। यह संस्था 27 राज्यों के 36,763 गाँवों में कार्यरत 62,597 प्राथमिक इकाइयों के माध्यम से किसानों को जोड़ती है। किसान सभा, संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) का प्रमुख घटक है और राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त किसान आंदोलन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

सम्मेलन में पिछले चार वर्षों में कॉर्पोरेट नीतियों के प्रति विकसित प्रतिरोध की समीक्षा की जाएगी। इस अवधि में किसान सभा ने स्वतंत्र रूप से और एसकेएम, खेत मजदूर संगठनों तथा ट्रेड यूनियनों के सहयोग से न्यूनतम समर्थन मूल्य, ऋण मुक्ति, चार श्रम संहिता रद्द करने, मनरेगा को पुनः लागू करने, बिजली का निजीकरण रोकने, मुक्त व्यापार समझौतों पर रोक तथा जल‑जंगल‑जमीन के मुद्दों और विस्थापन के विरुद्ध प्रभावशाली अभियान चलाए हैं।

दीपक साहू ने 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की शहादत की 151वीं वर्षगांठ का उल्लेख किया, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर झंडा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मोडी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर संघर्ष तेज करने की आवश्यकता है। नालगोंडा का उल्लेख किया गया, जहाँ पूर्व में सामंती भूस्वामियों के विरुद्ध एक ऐतिहासिक सशस्त्र किसान संघर्ष हुआ था, जो साम्राज्यवाद और सामंतवाद के खिलाफ किसान सभा के नेतृत्व में लड़ा गया था।

जय कौशिक और दामोदर श्याम ने कहा कि आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ में किसानों की आजीविका, आदिवासी और दलित अधिकार, ग्रामीण विस्थापन और खेती‑किसानी के संकट से जुड़े मुद्दों पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इन संघर्षों को भाजपा राज की किसान‑विरोधी और कॉरपोरेट‑परस्त नीतियों के खिलाफ जन आंदोलन के साथ मिलाकर संयुक्त किसान आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *