Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

क्या पाकिस्तान का हर प्रधानमंत्री चोर था? बिलावल भुट्टो ने शहबाज सरकार और सेना पर उठाए सवाल

लाहौर। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने अब अपनी ही गठबंधन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी और उनकी जेल में लगातार बनी स्थिति को लेकर बिलावल ने शहबाज शरीफ सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर कब तक इमरान खान को जेल में रखा जाएगा। उन्होंने पाकिस्तान के राजनीतिक इतिहास का हवाला देते हुए यह भी सवाल किया कि क्या 1947 के बाद देश का हर प्रधानमंत्री चोर था, जो उसे जेल जाना पड़ा।

पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने हाल ही में कराची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इमरान खान की रिहाई और राजनीतिक प्रतिशोध का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी राजनीतिक दल और उसके नेतृत्व को लगातार अलग-थलग रखकर देश नहीं चलाया जा सकता। सरकार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का भरोसा जीतना होगा।

बिलावल ने पाकिस्तान में प्रधानमंत्रियों के जेल जाने की परंपरा पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह कितना अजीब देश है। 1947 से लेकर अब तक जो भी प्रधानमंत्री बनता है, वह जेल चला जाता है। बाद में जेल से बाहर आता है और फिर प्रधानमंत्री बन जाता है।”

उन्होंने कहा कि या तो यह मानना पड़ेगा कि पाकिस्तान के इतिहास में हर प्रधानमंत्री चोर रहा है या फिर यह स्वीकार करना होगा कि देश के प्रधानमंत्रियों को राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार बनाया गया है। बिलावल ने राजनीतिक बदले की भावना खत्म करने और राजनीतिक कैदियों को रिहा करने की मांग भी की।

इमरान खान के बिना पाकिस्तान नहीं चल सकता

बिलावल भुट्टो ने इमरान खान के राजनीतिक महत्व को स्वीकार करते हुए कहा कि वह उन्हें पसंद करें या नहीं, लेकिन पाकिस्तान की राजनीति में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें पसंद करूं या न करूं, लेकिन यह देश उनके बिना नहीं चल सकता। आपको पीटीआई का भरोसा जीतना होगा। यह सच्चाई स्वीकार करनी ही होगी।”

उन्होंने कहा कि सरकार को इमरान खान और उनकी पार्टी के साथ बातचीत का रास्ता तलाशना चाहिए। राजनीतिक विरोधियों को जेल में रखने से देश की राजनीतिक समस्याओं का समाधान नहीं होगा। बिलावल ने सवाल किया कि आखिर सरकार कितना राजनीतिक बदला लेगी।

गौरतलब है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पिछले कुछ समय से जेल में बंद हैं। उनकी पार्टी लगातार उनकी रिहाई और बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रही है। हाल ही में इमरान खान की बिगड़ती तबीयत को लेकर भी उनकी पार्टी ने चिंता जताई थी।

शहबाज सरकार से क्यों नाराज हैं बिलावल?

बिलावल भुट्टो और नवाज शरीफ परिवार की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता पुरानी रही है। हालांकि, इमरान खान को सत्ता से बाहर करने के बाद दोनों दलों ने राजनीतिक समीकरणों के तहत साथ आकर सरकार बनाई थी। फरवरी 2024 के आम चुनाव से पहले बिलावल भुट्टो शहबाज शरीफ सरकार में विदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। चुनाव के बाद पीपीपी ने शुरुआत में सरकार में सीधे शामिल होने से परहेज किया, लेकिन बाद में गठबंधन का हिस्सा बन गई।

दोनों दलों के बीच मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। पाकिस्तान में नए प्रांतों के गठन के प्रस्ताव को लेकर भी पीपीपी ने आपत्ति जताई है। सेना प्रमुख आसिम मुनीर के करीबी माने जाने वाले गृह मंत्री मोहसिन नकवी की ओर से नए प्रांतों के गठन के मुद्दे पर जनमत संग्रह का प्रस्ताव रखे जाने के बाद विवाद बढ़ा।

बिलावल का आरोप है कि इस तरह के महत्वपूर्ण मुद्दे पर उनकी पार्टी को विश्वास में नहीं लिया गया। इसके अलावा प्रांतों के पुनर्गठन, कश्मीर चुनाव और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी दोनों सहयोगी दलों के बीच मतभेद बताए जा रहे हैं।

मुनीर और शहबाज की सत्ता व्यवस्था पर सवाल

पाकिस्तान में इस समय प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। बिलावल ने हाल के दिनों में बिना नाम लिए सेना की भूमिका और देश के राजनीतिक इतिहास पर भी सवाल उठाए हैं।

पाकिस्तान की राजनीति में सेना का प्रभाव लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है। ऐसे में बिलावल की ओर से इमरान खान के समर्थन में दिए जा रहे बयान को शहबाज सरकार के लिए राजनीतिक असहजता के तौर पर देखा जा रहा है।

पाकिस्तान में राजनीतिक स्थिरता, सत्ता में भागीदारी और प्रांतीय अधिकारों को लेकर जारी खींचतान के बीच बिलावल के ताजा बयान ने गठबंधन की राजनीति में नए सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, उन्होंने सरकार से समर्थन वापस लेने की कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *