नई दिल्ली। भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने वाले लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर की सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई सतर्क हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों आतंकियों की जान को खतरा होने की आशंका के चलते आईएसआई ने उनके ठिकाने बदल दिए हैं। खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि भारत की ओर से संभावित कार्रवाई और अज्ञात हमलावरों के निशाने पर आने की आशंका के चलते दोनों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, आईएसआई ने पिछले सप्ताह दोनों आतंकियों की लोकेशन में बदलाव किया। लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद को लाहौर से रावलपिंडी स्थानांतरित किया गया है। बताया जा रहा है कि उसे पाकिस्तानी सेना मुख्यालय के आसपास किसी गोपनीय ठिकाने पर रखा गया है। वहीं, जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर को सिंध प्रांत में किसी सुरक्षित स्थान पर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों के प्रमुखों को अज्ञात हमलावरों से खतरे की आशंका सता रही है। हालांकि, दोनों आतंकियों के ठिकाने बदलने के संबंध में पाकिस्तान सरकार या आईएसआई की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जेल में बंद होने के दावे पर भी सवाल
हाफिज सईद को लेकर पाकिस्तान की ओर से पहले दावा किया जाता रहा है कि वह लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स और खुफिया सूत्रों के हवाले से उसके जेल के बजाय आईएसआई के संरक्षण में किसी सुरक्षित ठिकाने पर रहने की आशंका जताई जाती रही है। ताजा रिपोर्ट में भी उसके ठिकाने में बदलाव की बात कही गई है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी सुरक्षा की चिंता
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। इनमें बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने भी शामिल थे। इस कार्रवाई में मसूद अजहर के कई करीबी मारे जाने की खबरें सामने आई थीं। इसके बाद से पाकिस्तान में आतंकी संगठनों के ठिकानों और उनकी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ने की चर्चा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने हाफिज सईद और मसूद अजहर को सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रखते हुए भूमिगत करने का फैसला किया है। हालांकि, उनके नए ठिकानों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
