Sunday, November 15खबर जो असर करे |
Shadow

महादेव सट्टा ऐप का अवैध कारोबार अब भी जारी… 92 हजार करोड़ हो सकती है कुल कमाई: ED

नई दिल्ली। महादेव सट्टा ऐप (Mahadev Betting App) को लेकर ईडी (ED) ने कोर्ट में कई खुलासे किए हैं। ईडी ने रायपुर की विशेष अदालत (Special Court) को बताया है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का कथित अवैध कामकाज और उससे जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग (Money laundering) की गतिविधियां अब भी जारी हैं और इस अपराध से हुई कुल कमाई 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। ईडी ने इसके कथित मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर (Saurabh Chandrakar) को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की मांग के दौरान यह जानकारी दी है।


चंद्राकर को सात दिन की हिरासत
शुक्रवार को एक विशेष पीएमएलए अदालत में दायर अपनी रिमांड अर्जी में ईडी ने चंद्राकर की सात दिन की हिरासत का अनुरोध किया। ईडी ने दलील दी कि पैसे के लेन-देन का पता लगाने, अपराध से हुई कमाई का इस्तेमाल कहां हुआ, यह जानने और अब भी चल रहे सट्टेबाजी पैनल की जानकारी जुटाने के लिए उससे पूछताछ करना जरूरी है। अदालत ने चंद्राकर को 19 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।


ईडी ने बताया कि महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के जरिए हुई अवैध कमाई का अनुमान 75 हजार से 80 हजार करोड़ रुपये है। इसके अलावा, इससे जुड़ी वेबसाइट ‘स्काईएक्सचेंज डॉट कॉम’ से 11 हजार से 12 हजार करोड़ रुपये और ‘लोटस365 डॉट कॉम’ से लगभग 2,400 करोड़ रुपये की कमाई का अनुमान है।


ओमान से लाया गया है चंद्राकर
पीएमएलए की धारा 50 के तहत दर्ज बयानों का हवाला देते हुए, ईडी ने बताया कि सह-आरोपी रजत कुमार सिंह ने खुलासा किया है कि महादेव ऑनलाइन बुक ऐप अब भी चल रहा है और वह दुबई से लगभग 8-10 सट्टेबाजी पैनल चला रहा था। एजेंसी ने बताया कि एक अन्य सहयोगी, विशाल रमानी ने भी ऐप के कामकाज के जारी रहने की पुष्टि की है और माना है कि वह दुबई से लगभग 35 सट्टेबाजी पैनल चला रहा था। चंद्राकर को इस महीने की शुरुआत में ओमान से भारत वापस लाया गया था।


हर महीने हो रही थी 450 करोड़ की कमाई
एजेंसियों का आरोप है कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई शहर के रहने वाले चंद्राकर और रवि उप्पल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर ‘महादेव बुक ऐप’ का प्रचार किया और पैनल व ब्रांच ऑपरेटर के एक नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का काम किया। आरोप है कि 2020 में कोविड-19 लॉकडाउन के बाद से ये आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए हर महीने लगभग 450 करोड़ रुपये कमा रहे थे। एजेंसियों का दावा है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके सैकड़ों बैंक खाते खुलवाए, जिनके जरिए अवैध कमाई का लेन-देन किया जाता था। ये खाते कमीशन के आधार पर चलाए जाते थे।


आरोप है कि सट्टेबाजी से हुई कमाई को पैनल ऑपरेटर द्वारा कई बैंक खातों के जरिए यूएई में मौजूद चंद्राकर और अन्य प्रर्वतकों तक पहुंचाया जाता था। सीबीआई ने यह भी दावा किया कि इस अवैध कमाई का एक बड़ा हिस्सा सट्टेबाजी वेबसाइटों के विज्ञापनों और हर साल आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रमों पर खर्च किया जाता था, जिनमें कई सितारे शामिल होते थे। आरोप है कि इन कार्यक्रमों में शामिल होने वाली हस्तियों को भी इसी अवैध सट्टेबाजी की कमाई से भुगतान किया जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *