Sunday, November 15खबर जो असर करे |
Shadow

नेहरू से जुड़े 51 कार्टन वापस करो… BJP ने सोनिया गांधी से किया आग्रह, गरमाई राजनीति

नई दिल्ली। कल यानी 14 नवंबर को देश ने भारत (India) के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू (First Prime Minister Pandit Jawaharlal Nehru) की जंयती मनाई। इस मौके पर बीजेपी (BJP) ने उस विवाद को गरमा दिया जो कि वर्षों से चली आ रही है। भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और उनकी मां सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से आग्रह किया कि वे पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़े पत्रों के 51 कार्टन प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (PMML) को वापस कर दें। बीजेपी का आरोप है कि ये दस्तावेज 2008 में इस संस्थान से ले लिए गए थे। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन का कहना है कि ये पत्र भारत की दस्तावेजी विरासत का हिस्सा हैं। शोधकर्ताओं और आम जनता के लिए उपलब्ध होने चाहिए।


एक्स पर एक पोस्ट में केसवन ने सवाल उठाया कि ये दस्तावेज अभी तक वापस क्यों नहीं किए गए हैं। उन्होंने राहुल गांधी के अक्सर इस्तेमाल किए जाने वाले नारे “डरो मत” का जिक्र करते हुए उनसे इन दस्तावेजों की वापसी सुनिश्चित करने को कहा।


इन 51 कार्टन पर देश का हक: भाजपा
केसवन ने कहा, “क्या आज नेहरू की जयंती पर राहुल गांधी और कांग्रेस के प्रथम परिवार में इतनी हिम्मत है कि वे राष्ट्रीय हित के खिलाफ काम करना बंद करें और नेहरू के पत्रों वाले उन 51 कार्टन को वापस कर दें जिन पर देश का हक है?” उन्होंने बताया कि इन पत्रों में नेहरू और एडविना माउंटबेटन के बीच हुए पत्राचार के साथ-साथ अन्य प्रमुख हस्तियों के साथ हुई बातचीत भी शामिल है।


केसवन ने आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस नेतृत्व इन दस्तावेजों को वापस नहीं करता है तो इससे यह शक और गहरा जाएगा कि आखिर इन्हें संस्थान से क्यों निकाला गया था। उन्होंने कहा, “ये पत्र देश की दस्तावेजी विरासत का हिस्सा हैं न कि किसी की निजी संपत्ति। इन्हें प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय को वापस कर दिया जाना चाहिए।”


केसवन का दावा है कि ये दस्तावेज 1971 में नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी को दान किए गए थे, लेकिन मई 2008 में जब केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सत्ता में था तब सोनिया गांधी इन्हें वापस ले गई थीं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सोनिया गांधी के हाल ही में आए संस्मरण में इस मामले का कोई जिक्र क्यों नहीं है।


2008 से ही हो रही है मांग
नेहरू के दस्तावेजों की कस्टडी को लेकर यह विवाद कई सालों से चल रहा है। सितंबर 2024 में PMML सोसाइटी के सदस्य रिजवान कादरी ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर 51 कार्टन वापस करने या फिर दस्तावेजों को डिजिटाइज करने और शोध के लिए उनकी स्कैन की गई प्रतियां प्राप्त करने की अनुमति मांगी। कादरी ने बताया कि यह सामग्री नेहरू संग्रह के लगभग आठ हिस्सों से आई थी। इसमें नेहरू और एडविना माउंटबेटन के बीच हुआ पत्राचार, साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री गोविंद बल्लभ पंत, समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण और अन्य लोगों के साथ हुए पत्रों का आदान-प्रदान शामिल था।


2025 में कादरी ने राहुल गांधी से भी संपर्क किया और दस्तावेजों को वापस करने का अनुरोध करते हुए कहा कि ये भारत के इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। दिसंबर 2025 में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इन दस्तावेजों को गायब नहीं कहा जा सकता, क्योंकि यह पता था कि वे कहां हैं। संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री से जुड़ा कोई भी दस्तावेज PMML से गायब नहीं है।


मंत्रालय ने बताया कि सोनिया गांधी की ओर से किए गए अनुरोध के बाद 2008 में ये दस्तावेज वापस ले लिए गए थे। मंत्रालय ने 29 अप्रैल 2008 के एक पत्र का हवाला दिया जो उनके प्रतिनिधि एम.वी. राजन की ओर से लिखा गया था। इसमें कहा गया था कि सोनिया गांधी नेहरू के निजी पारिवारिक पत्रों और नोट्स को वापस लेना चाहती हैं। मंत्रालय ने कहा, “इसके अनुसार, 2008 में नेहरू के दस्तावेजों वाले 51 कार्टन श्रीमती सोनिया गांधी को भेज दिए गए थे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *