Saturday, November 14खबर जो असर करे |
Shadow

सांचि दूध के दाम बढ़े, फुल क्रीम 74 रुपए प्रति लीटर

मध्य प्रदेश में दूध उपभोक्ताओं को अब पैकेट वाले दूध के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। सांचि ने अमूल के बाद ही अपने प्रमुख ब्रांड के लिए नई कीमतें तय की हैं। सांचि के विभिन्न वेरिएंट की कीमतों में 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। ये नई दरें शनिवार, 14 नवंबर से लागू होंगी। भोपाल के साथ इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड दूध संघों ने भी मूल्य संशोधन किया है।

दूध की कीमतें बढ़ाने का कारण पैकिंग मटेरियल और परिवहन खर्च में हुई बढ़ोतरी बताया गया है। दूध संघों के अनुसार, बढ़ती परिचालन लागत के बीच वित्तीय स्थिति संतुलित रखने के लिए पैक्ड दूध के उपभोक्ता मूल्य में वृद्धि अनिवार्य हो गई थी। इससे पहले अमूल ने 12 नवंबर से अपने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी।

भोपाल में रोजाना 3 लाख लीटर सांचि दूध की बिक्री
मध्य प्रदेश में पैक्ड दूध की बिक्री के मामले में सांचि की सबसे ज्यादा खपत है। भोपाल में खुले दूध की रोजाना खपत करीब 6 से 8 लाख लीटर है। वहीं, पैकेट वाले दूध में सांचि की औसतन 3 लाख लीटर प्रतिदिन बिक्री होती है। अमूल की रोजाना खपत करीब 80 हजार लीटर है। इसके अलावा सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध भी बाजार में उपलब्ध हैं। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त खपत करीब एक लाख लीटर प्रतिदिन है। इनकी सप्लाई भोपाल शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी होती है।

अमूल ने दो दिन पहले बढ़ाए थे दाम
अमूल ने 12 नवंबर से दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। इसके बाद अमूल गोल्ड का एक लीटर पैकेट 70 से बढ़कर 74 रुपए और अमूल फ्रेश 57 से बढ़कर 59 रुपए हो गया है। अमूल की कीमतों में बढ़ोतरी के अगले दिन यानी 13 नवंबर को सांचि ने भी नई दरें लागू करने का आदेश जारी किया।

मध्यप्रदेश में मदर डेयरी के दाम बढ़ने के भी आसार
मदर डेयरी ने नई दिल्ली में दूध की कीमतें बढ़ाई हैं, परंतु मध्यप्रदेश में फिलहाल इसके दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, अमूल और सांचि की कीमतें बढ़ने के बाद प्रदेश में मदर डेयरी के दामों में भी संशोधन की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है। इसमें भोपाल की खपत लगभग 25 हजार लीटर प्रतिदिन है। इसके अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी इसकी सप्लाई होती है।

दूध के अलग-अलग वेरिएंट में फैट की मात्रा
– फुल क्रीम मिल्क: इसमें कम से कम 6 प्रतिशत फैट होता है। यह अपेक्षाकृत गाढ़ा दूध होता है।
– टोंड मिल्क: इसमें फैट की मात्रा करीब 3 प्रतिशत होती है।
– डबल टोंड मिल्क: इसमें फैट की मात्रा करीब 1.5 प्रतिशत रखी जाती है।
– बल्क टोंड मिल्क: यह मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर उपलब्ध होता है। इसे पैकेट के बजाय सीधे बूथ से दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *