By: birsaunda

reliance-culture-and
बिरसा मुंडा- स्वधर्म, संस्कृति और राष्ट्रीय अस्मिता के प्रतीक
ज्ञानेंद्र त्रिपाठी
अंग्रेजों के दमनकारी शासन के खिलाफ आदिवासी आंदोलन के लोकनायक बिरसा मुंडा की 15 नवंबर 2026 को 151वीं जयंती है। बिरसा मुंडा ने आदिवासियों को अंग्रेजी दासता से मुक्त होकर सम्मान से जीने के लिए प्रेरित किया। झारखंड के सिंहभूमि तथा रांची में रहने वाले मुंडा जनजाति के लोग बिरसा को आज भी भगवाने के रूप में पूजते हैं। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में बिरसा मुंडा एक प्रमुख आदिवासी विद्रोह के नेता रहे हैं। । बिरसा ने आदिवासियों को ब्रिटिश शासन और ज़मींदारी व्यवस्था के अत्याचारों के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने आदिवासी लोगों को अपनी सांस्कृतिक धरोहर और सामुदायिक भूमि स्वामित्व से जुड़े अधिकारों से अवगत कराया।
उन्होंने जनजातीय समाज को अपनी परंपराओं की ओर लौटने का संदेश देते हुए जनजातीय समाज में पुनः सांस्कृतिक चेतना का प्रवाह किया। उनका यह प्रयास जनजातीय समाज की राष्ट्रीय अस्मिता को सुरक्षित रखने में एक मील का पत्थर साबित हुआ. यह निडर, निर्भीक, ऊर्जावान नेतृत्व राजनीतिक और सांस्कृतिक आक्रमण के विरुद्ध खड़े होने की ऊर्जा का दीर्घकालीन प्रेरणास्रोत बना।

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में आजादी और आदिवासी अस्मिता के प्रतीक बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के रांची जिले के इलिहतु गांव में हुआ था। उनके बचपन का नाम दाउद मुंडा था। बिरसा मुंडा मात्र 25 साल की उम्र में अपने हक और स्वयत्तता के लिए अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए शहीद हुए । उनका आरम्भिक जीवन बेहद गरीबी में बीता। उनके पिता के नाम सुगना मुंडा और माता का नाम करमी हटू था।
बिरसा के माता-पिता घुमंतू खेती के द्वारा अपना गुजर-बसर करते थे। बचपन में बिरसा भेड़ों को चराने जंगल जाया करते थे और वहां बांसुरी बजाते थे। बिरसा बहुत अच्छी बांसुरी बजाते थे। इसके साथ ही उन्होंने कद्दू से एक तार वाला वादक यंत्र तुइला का भी निर्माण किया था। गरीबी के चलते बिरसा के माता-पिता ने उन्हें उनके मामा के पास अयुबत्तु गांव स्कूली शिक्षा के लिए भेज दिया ,जहां बिरसा के शिक्षक ने उनकी पढाई में रूचि देख कर उन्हें क्रिश्चयन स्कूल में जाने जा सुझाव दिया।
यह वह दौर था जब क्रिश्चियन स्कूल में केवल ईसाई बच्चे ही पढ़ते थे, जिसके चलते बिरसा ने ईसाई धर्म को स्वीकार कर लिया और अपना नाम बदलकर डेविड रख लिया। बिरसा ईसाई स्कूल को छोड़ने के बाद हिंदू धर्म के प्रभाव में आ गए, जिसके बाद वो ईसाई धर्म परिवर्तन का विरोध करने के साथ ही आदिवासियों में जागरूकता फैलाने लगे। दरअसल उसी समय इस इलाके में रेल लाइनें बिछाने का काम चल रहा था। अंग्रेजों द्वारा आदिवासियों का शारीरिक और चारित्रिक शोषण किया जा रहा था। आदिवासियों को ईसाई धर्म में परिवर्तन करने के लिए मजबूर किया जा रहा था। बिरसा ने सरकार की इन नीतियों का जमकर विरोध किया। लोगों को अपने धर्म का ज्ञान दिया, गौ हत्या का विरोध किया।
विद्रोह का बिगुल

बिरसा ने लगान माफी को लेकर अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन किया। बिरसा ने आदिवासियों की एक सेना बनाकर अंग्रेजों के खिलाफ छापामार लड़ाई शुरू की। 1897 से 1900 के बीच मुंडा आदिवासियों ने बिरसा के नेतृत्व में छापामार लड़ाई से अंग्रेजों की नाक में दम कर दिया। 1895 में बिरसा मुंडा को दंगा करने के आरोप में गिरफ्तार करके 2 साल के कारावास की सजा सुनाई गई। जेल से रिहा होने के बाद भी बिरसा ने अपनी गतिविधियां जारी रखीं। वह गांव-गांव जाकर खुद के नेतृत्व में एक मुंडा राज्य की स्थापना करने के लिए समर्थन जुटाने लगे।
अगस्त 1897 में बिरसा और उसके चार सौ सिपाहियों ने तीर कमानों से लैस होकर खूंटी थाने पर धावा बोला। 1898 में तांगा नदी के किनारे बिरसा ने अंग्रेजी सेना पर हमला किया और अंग्रेजों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। बाद में अतिरिक्त अंग्रेजी सेनाओं के आने के बाद आदिवासियों की पराजय हुई और कई आदिवासियों को गिरफ्तार कर लिया गया। 3 फरवरी 1900 को अंग्रेजी सेना ने बिरसा को उसके समर्थकों के साथ चक्रधरपुर जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
कैद के दौरान बिरसा की जेल में संदेहास्पद अवस्था में 9 जून 1900 को मौत हो गई। अंग्रेजी सरकार ने बताया कि हैजा के चलते बिरसा की मौत हुई है। हालांकि आज तक यह स्पष्ट नहीं है कि बिरसा की मौत कैसे हुई। बिरसा ने मात्र 25 साल की उम्र में देश के लिए शहीद होकर अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई को प्रेरित किया। मुंडा आदिवासी बिरसा को आज भी धरती बाबा के नाम से पूजते हैं।
(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)
—————
(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)
