
चंडीगढ़, 13 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। असम के डिब्रूगढ़ जेल में बंद पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को बड़ी राहत मिली है। अमृतसर की अदालत ने उन्हें अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिये एक दिन की अंतरिम जमानत मंजूर की। इस कारण अमृतपाल सिंह 14 नवंबर को पंजाब आएंगे और अपने आगमन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने की संभावना है।
चरण कौर का 8 नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। परिवार ने तत्काल अंतिम संस्कार करने के लिये अमृतपाल सिंह को अनुमति देने की माँग की थी। इसके लिये उन्होंने अमृतसर की अदालत में याचिका दायर करके 14 से 17 नवंबर तक चार दिन की अंतरिम जमानत की मांग की, परन्तु न्यायालय ने केवल एक दिन की अंतरिम जमानत ही स्वीकृत की। अमृतपाल सिंह के वकील कर्मवीर सिंह ने इस निर्णय की पुष्टि की और बताया कि परिवार के अन्य रिश्तेदारों को भी राहत मिली है।
परिवार का कहना था कि जब तक अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलती, तब तक कार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने मानवीय आधार पर अदालत से अपील की थी, ताकि वे अपनी दादी को अंतिम विदाई दे सकें। इसके अलावा, चरण कौर की गंभीर तबीयत के दौरान अमृतपाल सिंह को 10 मिनट के लिये वीडियो कॉल की अनुमति भी मिली थी, पर वकीलों ने कहा कि प्रशासन ने समय पर कॉल की व्यवस्था नहीं की।
लगभग साढ़े तीन साल बाद अमृतपाल सिंह पंजाब लौटेंगे। उन्हें 23 अप्रैल 2023 को पंजाब के मोगा जिले के रोडे गांव से गिरफ्तार कर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया था। जेल में रहते हुए उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की। अब गिरफ्तारी के करीब तीन साल सात महीने बाद वे अपनी दादी के अन्त्येष्टि में शामिल होने के लिये पंजाब आएंगे।
