
सहरसा, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण गुरुवार से आरम्भ हो गया है। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिये दावा‑आपत्ति दर्ज कराने की अवधि निर्धारित की गई है।
इस संदर्भ में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम दीपेश कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि नाम जोड़ने के लिये प्रपत्र-6 भरना होगा, नाम हटाने के लिये प्रपत्र-7 तथा नाम, पता व अन्य विवरण में सुधार के लिये प्रपत्र-8 प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है। प्रवासी भारतीयों के लिये विशेष रूप से प्रपत्र-6क का प्रावधान है।
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिये केवल 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि ही नहीं, बल्कि 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 की अर्हता तिथियों के आधार पर भी आवेदन किया जा सकेगा। विशेष अभियान दिवस 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों सभी बीएलओ अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे।
राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए) प्रत्येक दिन अधिकतम 10 आवेदन जमा कर सकेंगे। नाम हटाने से पहले संबंधित मतदाता को नोटिस जारी कर सुनवाई तथा निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा। दावा‑आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आम जनता और सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
