नई दिल्ली। किआ इंडिया ने आंध्र प्रदेश में अपना दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने की घोषणा की है। इस परियोजना पर कंपनी और उसके सप्लायर पार्टनर्स मिलकर 2 अरब डॉलर का निवेश करेंगे। इस संबंध में कंपनी ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस निवेश के जरिए किआ ने भारतीय बाजार और देश के ऑटोमोबाइल क्षेत्र की विकास संभावनाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
प्रस्तावित प्लांट किआ और उसके सप्लायर पार्टनर्स के लिए कुल 465 एकड़ क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। इससे करीब 12 हजार अतिरिक्त प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। नए प्लांट में सालाना दो लाख वाहनों के उत्पादन की क्षमता होगी। इसके शुरू होने के बाद किआ इंडिया के दोनों प्लांट की संयुक्त उत्पादन क्षमता छह लाख यूनिट से अधिक हो जाएगी।
ग्रोथ के अगले दौर की तैयारी
कंपनी के मुताबिक, दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट उसकी मौजूदा उत्पादन क्षमताओं को मजबूत करने के साथ विकास के अगले चरण का आधार बनेगा। दोनों प्लांट में कुल पांच अरब डॉलर तक के निवेश के साथ किआ भारत में अपनी मौजूदगी का विस्तार कर रही है। इससे वैश्विक रणनीति में भारत का महत्व और बढ़ेगा। साथ ही मैन्युफैक्चरिंग, रोजगार सृजन और देश के ऑटोमोटिव इकोसिस्टम को भी मजबूती मिलेगी।
इस निवेश के रणनीतिक महत्व पर किआ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ग्वांगगु ली ने कहा कि भारत कंपनी की दीर्घकालिक विकास योजनाओं के केंद्र में है। अनंतपुर में परिचालन शुरू होने के बाद से भारतीय ग्राहकों ने कंपनी पर जो भरोसा जताया है, उसने इस सफर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट कंपनी के लिए एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय होगा। इससे ग्राहकों की मांग के अनुरूप तेजी और लचीलेपन के साथ उत्पादन करने में मदद मिलेगी। साथ ही आंतरिक दहन इंजन (आईसीई) और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) दोनों श्रेणियों में नए मॉडल पेश करने की क्षमता भी बढ़ेगी।
ली ने कहा कि कंपनी भारत के ऑटोमोटिव इकोसिस्टम में अपना योगदान बढ़ाने और यहां स्थापित मजबूत आधार पर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। नए प्लांट से भारत में निर्मित वाहनों की उपलब्धता बढ़ेगी और घरेलू के साथ विदेशी बाजारों की मांग पूरी करने की कंपनी की क्षमता भी मजबूत होगी।
