Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

हिमेश रेशमिया और आयुष्मान खुराना ने पिता की यादों को साझा कर किया भावुक, इंडियन आइडल के मंच पर छलके आंसू

मुंबई। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के संगीत रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’ में इस बार भावुक कर देने वाला पल देखने को मिला। शो में संगीतकार हिमेश रेशमिया, फिल्म निर्माता सूरज बड़जात्या और अभिनेता आयुष्मान खुराना अपनी आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के संगीत को लेकर पहुंचे। इस दौरान फिल्म के एक गीत से जुड़ी कहानी साझा करते हुए हिमेश अपने दिवंगत पिता को याद कर भावुक हो गए। वहीं, पिता को खोने का दर्द झेल चुके आयुष्मान भी उनकी भावनाओं से जुड़ गए और अपने पिता की यादें साझा कीं।

हिमेश को भावुक देख आयुष्मान ने कहा, “मैं ये कहना चाहता हूं कि एचआर की आंखों में आंसू हैं। इनको इमोशनल मैंने पहली बार देखा है।” इस पर हिमेश ने बताया कि जब भी वह इस गीत को तैयार करते हैं, उन्हें अपने पिता की याद आती है। उन्होंने कहा, “जब भी ये गाना बनाता हूं, सूरज जी को भी पता है कि मुझे मेरे डैड याद आते हैं। मैं उनसे प्यार करता हूं! नाम मेरा है, काम मेरे पापा का है।”

इस दौरान सूरज बड़जात्या ने फिल्म के शीर्षक ‘ये प्रेम मोल लिया’ के पीछे की कहानी भी बताई। उन्होंने बताया कि जब हिमेश ने उनसे ‘मोल’ शब्द के इस्तेमाल के बारे में पूछा, तो उन्होंने मीरा के भजन का संदर्भ दिया। भजन में गिरिधर को प्रेम और भक्ति के भाव से स्वीकार करने की बात कही गई है। सूरज ने बताया कि सूर्यास्त के समय हुई इसी बातचीत के दौरान उनके मन में फिल्म का शीर्षक आया, जिसके बाद हिमेश ने इस गीत की रचना की।

हिमेश ने सूरज बड़जात्या की कहानी कहने की शैली की सराहना करते हुए फिल्म के संगीत को मिल रहे प्यार का श्रेय दर्शकों, फिल्म इंडस्ट्री और ईश्वर के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि इस संगीत में उनकी प्रतिभा के साथ सरस्वती माता की कृपा और लोगों का स्नेह भी शामिल है।

आयुष्मान ने भी हिमेश के घर पर इस गीत की कंपोजिशन सुनने का एक भावुक अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय हिमेश और उनकी आंखों में आंसू थे। आयुष्मान ने कहा, “हिमेश जी के घर गया था और कंपोजिशन सुनी थी। हिमेश जी की आंखों में और मेरी आंखों में आंसू थे। मैंने भी दो साल पहले अपने पापा को खो दिया है, तो मैं समझ सकता हूं कि पापा का आशीर्वाद कितना मायने रखता है। जिनके भी मां-बाप हैं, उनको प्यार करो।”

सूरज बड़जात्या ने फिल्म के संगीत को रिलीज से पहले मिल रही सराहना पर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कई फिल्मों में काम करने और 60-70 गीतों से जुड़ने के बावजूद उन्होंने किसी गीत को रिलीज से पहले इतना प्यार मिलते कम ही देखा है। हिमेश ने भी ‘प्रेम रतन धन पायो’ के बाद बनी उम्मीदों का जिक्र करते हुए कहा कि ‘ये प्रेम मोल लिया’ को मिल रहा प्यार उनकी अपेक्षाओं से कहीं अधिक है। उन्होंने इसका श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, फिल्म की पूरी टीम और दर्शकों के स्नेह को दिया।

कार्यक्रम में हिमेश ने फिल्म के गायकों की भी सराहना की। उन्होंने सेंजुति दास की विशेष रूप से तारीफ की, जिन्होंने श्रेया घोषाल से जुड़े गीत को अपनी आवाज दी। इसके अलावा उन्होंने निहाल टौरो की गायकी की भी प्रशंसा की। इस पर भावुक हुए निहाल ने कहा कि भले ही वह इंडियन आइडल के अपने सीजन में ट्रॉफी नहीं जीत पाए, लेकिन हिमेश का भरोसा जीतना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।

निहाल ने कहा, “हमारे सीजन में मैं फिनाले तक आ गया था, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत पाया। हालांकि, मैं आपका भरोसा जीत पाया और मुझे यह कहते हुए बहुत गर्व हो रहा है।” इस पर हिमेश ने कहा कि वह हमेशा हर गायक की आवाज और गायकी की रेंज के अनुसार गीत चुनने की कोशिश करते हैं, ताकि उसे अपनी अलग पहचान बनाने का मौका मिले। उन्होंने कहा, “मैं कोशिश यही करूंगा कि हर गायक को उसकी रेंज का गाना मिले, जिससे उसकी पहचान बने। ये मेरा वादा है।”

निहाल ने हिमेश को अपना गॉडफादर बताते हुए उनके प्रति आभार जताया। उन्होंने फिल्म ‘रक्षा बंधन’ के एक गीत से जुड़ी यादें साझा कीं और बताया कि इसी गीत के कारण उन्हें एक पुरस्कार समारोह में अपने आदर्श अरिजीत सिंह के साथ नामांकन हासिल करने का मौका मिला। निहाल के मुताबिक, हिमेश ने उन्हें ऐसा मंच दिया, जिसकी बदौलत वह मुंबई में अपनी गायकी के दम पर करियर और बेहतर जीवन स्थापित कर सके।

फ्रेमैंटल द्वारा निर्मित ‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’ में संगीत जगत की जानी-मानी हस्तियों के साथ यादगार संगीत यात्राओं, भावुक बातचीत और खास अनुभवों को दर्शाया जा रहा है। यह शो हर शनिवार और रविवार रात आठ बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *