छत्तीसगढ़ के किसानों को अब कम धान बेचने पर भी पूरी सत्यापित रकबे की मिलेगी आदान सहायता
रायपुर, 13 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ सरकार ने कृषक उन्नति योजना के कार्यान्वयन हेतु नवीन दिशा‑निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के अनुसार, किसान यदि निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान या धान‑बीज बेचते भी हैं, तो उन्हें पूरे सत्यापित बोए गये रकबे के आधार पर आदान सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता खरीफ वर्ष 2026‑27 के लिये प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये निर्धारित की गई है और सीधे किसान के आधार‑संबद्ध बैंक खाते में एकमुश्त हस्तांतरित की जाएगी।
विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि यह योजना राज्य के सभी जिलों में लागू रहेगी और इसका मुख्य उद्देश्य खेती की लागत घटाना, उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाना, किसानों की आय में वृद्धि करना तथा आधुनिक कृषि तकनीकों और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना है। ग्रीष्मकालीन धान पर यह योजना लागू नहीं होगी, जबकि अन्य फसलों के प्रोत्साहन...
