Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

राजेश अग्रवाल ने जाहीर किया जनजातीय गौरव दिवस का विशेष कार्यक्रम

रायपुर, 13 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने यह कहा कि जनजातीय गौरव दिवस प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक अस्मिता के सम्मान का महापर्व है।

छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी जनजातीय विरासत, लोककलाओं, ऐतिहासिक धरोहरों और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली से है। जनजातीय समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को जीवित रखा है।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस हमें जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है। भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज को अपने अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए संगठित किया। उनका जीवन स्वाभिमान, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ की धरती भी शहीद वीर नारायण सिंह और भूमकाल विद्रोह के महानायक वीर गुंडाधुर के शौर्य और बलिदान की साक्षी रही है। इन महानायकों का योगदान प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

मंत्री ने बस्तर, सरगुजा, जशपुर, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनजातीय अंचल को सांस्कृतिक विविधता के अनमोल केंद्र बताया। बस्तर दशहरा, गोंचा पर्व, मड़ई मेले और सरगुजा-जशपुर के पारंपरिक उत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि के प्रतीक हैं।

गौर नृत्य, करमा, सैला और सुआ जैसे पारंपरिक लोकनृत्य जनजातीय समाज की सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक जीवनशैली को दर्शाते हैं। इसी तरह बस्तर की ढोकरा कला, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, बांस शिल्प और पारंपरिक आभूषण जनजातीय कलाकारों की सृजनशीलता के परिचायक हैं।

मंत्री अग्रवाल ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक इसके हस्तांतरण के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों में पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर के चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी, दंतेवाड़ा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, सरगुजा का मैनपाट और जशपुर के प्राकृतिक पर्यटन स्थल प्रदेश को विशिष्ट पहचान देते हैं।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर महत्व दिए जाने से जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को व्यापक पहचान मिली है।

अंत में मंत्री राजेश अग्रवाल ने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर सहित जनजातीय समाज के सभी ज्ञात-अज्ञात महानायकों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को संरक्षित रखते हुए उसके सम्मान, समृद्धि और स्वाभिमान के लिए सामूहिक प्रयास करना हम सभी का दायित्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *