Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

ऊना में नशा तस्करों की सवा 2 करोड़ की संपत्तियां जब्त

ऊना, 13 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। ऊना पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए अवैध नशा कारोबार से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज और जब्त करने में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने कुल लगभग सवा दो करोड़ की संपत्तियों को जब्त किया है।

शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत, दिसंबर 2025 में आरोपी अंकुश पराशर उर्फ अंकु के कब्जे से 2,330 ट्रामाडोल टैबलेट (233 ग्राम) और नकद राशि ₹24,34,540 बरामद हुई। इस वित्तीय जांच के दौरान आरोपी, उसके पिता तथा पाँच अन्य सगे रिश्तेदारों की कुल ₹68,71,961 की संपत्ति, जिसमें बैंक खाते और एफडी शामिल हैं, को फ्रीज किया गया।

दूसरी ओर, पुलिस थाना सदर ऊना के अंतर्गत आरोपी बलविंदर कुमार और उसकी पत्नी के नाम पर कुल ₹19.21 लाख की संपत्ति फ्रीज की गई, जिसमें से ₹16 लाख की राशि को सक्षम प्राधिकारी द्वारा जब्त करने की पुष्टि की गई। एसपी ने कहा कि इस प्रकार चार एनडीपीएस मामलों में, वर्ष 2026 में अब तक जिला पुलिस ऊना ने कुल ₹2,25,74,339 की संपत्तियों को फ्रीज किया है। पूर्व में भेजे गए तीन मामलों में कुल ₹1,57,02,432 की संपत्तियों में से ₹1,01,77,012 को फ्रीज करने का आदेश सक्षम प्राधिकारी ने दिया था।

एसपी ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जिला पुलिस ऊना ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 90 मामले दर्ज कर 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान बरामद हुई वस्तुओं में 1.663 किलोग्राम हेरोइन, 494.114 किलोग्राम भुक्की, 6.163 किलोग्राम चरस, 9.09 किलोग्राम गांजा, 196 ग्राम अफीम और नकद राशि ₹9,73,200 शामिल हैं।

नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने हेतु बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हेरोइन के अवैध व्यापार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ भेजे गए सात पिट एनडीपीएस प्रस्ताव हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकार किए गए, जिससे संबंधित व्यक्तियों को तीन महीने के लिए निरुद्ध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *