Saturday, November 14खबर जो असर करे |
Shadow

पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने बाबा महाकाल की भस्म आरती में भाग लेकर शिव मंत्रों का जाप किया

उज्जैन, 13 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मंदिर के भस्म आरती में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने शुक्रवार को तड़के भाग लिया। लगभग 4 बजे मंदिर पहुंचकर उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक शिव मंत्र का जाप किया। उनके साथ उनके भाई और भतीजे भी उपस्थित रहे। भस्म आरती के बाद उन्होंने देहरी से बाबा महाकाल का पूजन किया और नंदी जी को जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

दर्शन के बाद सुरेश रैना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “मैं 2005 से इस जगह से जुड़ा हुआ हूं। जब मैं यहां इंडिया के लिए खेला था, राहुल द्रविड़ हमारे कैप्टन थे और हमने इंदौर में बहुत सारे मैच खेले हैं। जब भी मैं यहां आता हूं, मैं बिल्कुल अलग इंसान बनकर वापस जाता हूं। यहां आकर एक अलग ही स्तर की ऊर्जा महसूस होती है। यह उनके लिए दिव्य अनुभव है।” उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछली बार वह अपनी पत्नी के साथ महाकाल के दर्शन करने आए थे, जबकि इस बार भाई और भतीजे के साथ बाबा का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।

मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि रात करीब 12:30 बजे से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए कतार में लगना शुरू हो गए थे। इतनी बड़ी संख्या में भक्तों के आने के बावजूद व्यवस्था संभालने में लगे कर्मचारियों का प्रयास सराहनीय है, और उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से उनकी सेवा में लगे सभी लोग एक उद्देश्य के साथ काम कर रहे हैं।

इस दौरान सुरेश रैना ने महिला क्रिकेट टीम के प्रदर्शन की भी तारीफ की, “देश में महिला क्रिकेट लगातार बेहतर कर रहा है। सरकार, बीसीसीआई और विभिन्न क्रिकेट लीग के प्रयासों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। भारतीय महिला टीम की विश्व कप जीत को मैं देश के लिए गर्व का विषय मानता हूं। यदि बेटियां खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगी, तो देश भी प्रगति करेगा।”

भस्म आरती और दर्शन के बाद, मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष फलवड़िया ने सुरेश रैना का पारंपरिक स्वागत‑सत्कार किया और उन्हें सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *