Saturday, November 14खबर जो असर करे |
Shadow

अब एक ही अकाउंट से अमेरिका के साथ यूरोप के सात प्रमुख देशों के शेयर बाजारों में लगा सकेंगे पैसा

नई दिल्ली, 13 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। गिफ्ट सिटी में स्थित सहायक कंपनी एनएसईआईएक्सजीए ने अपने अंतरराष्ट्रीय निवेश पोर्टफोलियो का बड़ा विस्तार किया है। अब भारतीय निवेशकों को एक ही अकाउंट से न केवल अमेरिकी शेयर बाजार, बल्कि यूरोप के सात प्रमुख देशों के शेयर बाजारों में भी निवेश करने का सीधा अवसर मिलेगा। इन देशों में फ्रांस, जर्मनी, आयरलैंड, इटली, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड और यूनाइटेड किंगडम शामिल हैं।

इस पहल के अंतर्गत 11,500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिभूतियों में निवेश का अवसर खुला है, जिनमें 8,200 से अधिक यूसीआईटीएस एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ईटीएफ) भी सम्मिलित हैं। निवेशक इन सात देशों के स्टॉक एक्सचेंजों पर सूचीबद्ध प्रमुख यूरोपीय कंपनियों के शेयरों की खरीद-बिक्री भी कर सकेंगे।

निवेशकों के बीच वैश्विक बाज़ारों में रुचि लगातार बढ़ती जा रही है, और एनएसईआईएक्सजीए का यह कदम उसी मांग का प्रतिबिंब है। यूसीआईटीएस ईटीएफ के माध्यम से निवेश करने पर निवेशकों को 25 प्रतिशत तक का withholding tax नहीं देना पड़ता, जबकि अमेरिकी संपत्तियों पर एस्टेट टैक्स का जोखिम बना रहता है।

इसके अलावा, निवेशकों को अलग-अलग देशों के लिए अलग खाते खोलने की आवश्यकता नहीं होगी; एकीकृत अकाउंट के माध्यम से सभी लेन-देन आसान हो जाएंगे। यह व्यवस्था आरबीआई के नियमों के तहत वैध है, जहाँ भारतीय निवासी एक वित्त वर्ष में 2.5 लाख अमेरिकी डॉलर तक निवेश कर सकते हैं।

एनएसईआईएक्स ग्लोबल एक्सेस आईएफएससी लिमिटेड, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है और यह आईएफएससीए के नियमों के तहत पहला पंजीकृत ग्लोबल एक्सेस प्रोवाइडर है। यह कदम भारतीय निवेशकों को भौगोलिक विविधता लाने में मदद करेगा, जिससे बाजार के उतार-चढ़ाव के दौरान संतुलन बना रहेगा। आने वाले समय में इस प्लेटफ़ॉर्म पर और प्रमुख बाजारों को जोड़ने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *