Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाला सरकारी इंजीनियर गिरफ्तार, भाकपा (माले) का एरिया कमांडर बन भेजा था धमकी भरा पत्र

सीवान, 13 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। भाकपा (माले) का एरिया कमांडर बनकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग करने वाला कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि ग्रामीण कार्य विभाग के ही एक सरकारी अभियंता निकला। पुलिस ने इस मामले में विभाग में पदस्थापित सहायक अभियंता रफीक आलम को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त कामूर जिला के कुदरा थाने क्षेत्र के सराय फकड़ा बढ़ का निवासी है, यह जानकारी पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने दी। एसपी भारत सोनी के अनुसार, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सीवान-1 के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार चौधरी को 10 नवंबर को डाक द्वारा एक धमकी भरा पत्र मिला। पत्र में प्रेषक के रूप में मुजफ्फरपुर जिला के बोचहां प्रखंड के उनसर गाँव निवासी लोहा सिंह का नाम और पता अंकित था। पत्र भेजने वाले ने स्वयं को भाकपा (माले) के तिरहुत प्रक्षेत्र का एरिया कमांडर बताते हुए कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

इस संबंध में कार्यपालक अभियंता ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कांड संख्या 1065/26 दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी अनुसंधान और मानवसाक्ष्यों के आधार पर मामले में रफीक आलम की संलिप्तता सामने आई और उसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। वर्तमान में गिरफ्तार अभियुक्त सदर-1, सीवान के पद पर सहायक अभियंता के रूप में कार्यरत है।

एसपी के मुताबिक, जांच में यह स्पष्ट हुआ कि रफीक आलम ने ही खुद को भाकपा (माले) का एरिया कमांडर बताकर कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजा था और एक करोड़ रुपये की रंगदारी की माँग की थी। इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक उमेश पासवान, नगर थाने के अन्य पुलिसकर्मी और जिला सूचना इकाई, सीवान की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *