
बस्तर, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। बस्तर के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहन वाले युवाओं के लिए एक नई सुविधा लेकर भारतीय डाक विभाग ने कदम उठाया है। बस्तर फाइटर्स और ग्राम पंचायत सचिव भर्ती समेत अन्य सरकारी और निजी संस्थानों में आवेदन करने वाले उम्मीदवार अब अपने नजदीकी ग्रामीण शाखा डाकघर से भी स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन तथा आवश्यक दस्तावेज भेज सकते हैं।
इस पहल के तहत, बस्तर डाक संभाग की हर शाखा में स्पीड पोस्ट बुकिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के उम्मीदवारों को दूर स्थित उप डाकघर या मुख्य डाकघर तक जाकर भेजने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। वे अपने गाँव या आस-पास के शाखा डाकघर में पहुँचकर आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण पत्राचार स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज सकेंगे।
बस्तर डाक संभाग के अधीक्षक डाकघर डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और अपने महत्वपूर्ण आवेदन एवं दस्तावेज समय रहते नजदीकी शाखा डाकघर से स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रेषित करें।
इस पहल से ग्रामीण इलाकों में डाक सेवाओं की पहुँच मजबूत होने के साथ ही भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल होने वाले युवाओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। अब उम्मीदवार लंबी दूरी तय करने और अतिरिक्त समय व्यतीत करने के बजाय अपने नजदीकी डाकघर में ही सब कुछ पूरा कर सकेंगे।
