Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

एमसीएक्स में भारी बिकवाली, सोना‑चांदी एवं कच्चे तेल के दाम गिरें

नई दिल्ली, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)।एमसीएक्स के आज के ट्रेडिंग सेशन में चारों ओर बिकवाली का माहौल बना रहा। दिवाली और भाईदूज के त्योहारों के समाप्त होने के बाद घरेलू मांग में सुस्ती आई और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की फिसलन ने एमसीएक्स के कारोबार पर सीधा असर डाला। शाम छह बजे तक के कारोबार में सोना, चांदी और कच्चा तेल तीनों ही गहरे लाल निशान में कारोबार करते दिखे।

आज एमसीएक्स पर सोने और चांदी के फ्यूचर्स में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। शाम के सत्र तक एमसीएक्स पर सोना वायदा 1,502 रुपये यानी 1.08 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 1,38,214 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। इसी तरह चांदी वायदा में भी भारी बिकवाली हावी रही और यह 2,813 रुपये यानी 1.52 प्रतिशत टूटकर 1,81,712 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कारोबार करते हुए देखा गया।

एनर्जी मार्केट और कच्चा तेल सेगमेंट में भी आज गिरावट का सिलसिला जारी रहा। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वैश्विक बाजार में 0.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 92.07 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर फिसल गया है। इसी तरह अमेरिकी क्रूड यानी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) भी नरमी के साथ 86.20 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बना हुआ है। ग्लोबल मार्केट की इस सुस्ती के कारण घरेलू स्तर पर भी एमसीएक्स क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 99 रुपये यानी 1.21 प्रतिशत टूट कर 8,085 रुपये प्रति बैरल के भाव पर आ गया।

दूसरी ओर, औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल्स सेगमेंट में भी आज कमजोरी का रुख कायम रहा। कमोडिटी एक्सचेंज पर कॉपपर के भाव में बिकवाली के दबाव के कारण गिरावट देखी गई और यह 7.05 रुपये टूटकर 1,334.80 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर के आसपास आ गया। इसके साथ ही एल्यूमिनियम के भाव में भी सुस्ती बनी रही और यह 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 330.35 से 334.00 रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में कारोबार करते हुए देखा गया।

कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती और ब्याज दरें पर सख्त रुख की आशंकाओं ने सोना और चांदी की चमक को फीका कर दिया है। इसके अलावा त्योहारों की खरीदारी थमने से भी घरेलू हाजिर बाजार में सुस्ती है। विश्लेषकों के अनुसार, शॉर्ट टर्म में कीमती धातुओं और औद्योगिक धातुओं में यह उतार-चढ़ाव और दबाव आगे भी जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *