Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

बस्तर में ग्रामीणों के लिए स्पीड पोस्ट सेवा उपलब्ध

बस्तर, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय डाक विभाग ने घोषणा की है कि बस्तर के प्रत्येक ग्रामीण डाकघरों में स्पीड पोस्ट सेवा से आवेदन भेजने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल खास तौर पर उन युवाओं के लिए है जो बस्तर के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहते हैं और फाइटर्स व ग्राम पंचायत सचिव भर्ती समेत विभिन्न शासकीय तथा निजी संस्थानों में आवेदन कर रहे हैं। अब उन्हें अपने नजदीकी ग्रामीण शाखा डाकघर से ही स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन और आवश्यक दस्तावेज भेजने की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें उप डाकघर या मुख्य डाकघर तक लंबी दूरी तय करने की परेशानी नहीं होगी।

इस सुविधा से ग्रामीण इलाकों के अभ्यर्थियों को लंबी यात्रा और अतिरिक्त समय व्यय से मुक्ति मिलेगी। वे अपने गाँव या आस-पास स्थित शाखा डाकघर में जाकर आसानी से आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण पत्राचार स्पीड पोस्ट के जरिए भेज सकेंगे। यह कदम ग्रामीणों के लिए एक राहत भरी पहल है, जो बस्तर के अंदरूनी और दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में रहते हैं। भर्ती प्रक्रियाओं के दौरान आवेदन भेजने के लिए अब उन्हें लंबी दूरी तय करने और अतिरिक्त समय खर्च करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

डाक संभाग के अधीक्षक डाकघर डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और अपने महत्वपूर्ण आवेदन एवं दस्तावेज समय रहते नजदीकी शाखा डाकघर से स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रेषित करें। डाकघर की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं की पहुँच को मजबूत करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल युवाओं को बड़ी सुविधा प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *