Friday, November 13खबर जो असर करे |
Shadow

एनटीपीसी लारा में 21वीं राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ

रायगढ़, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। एनटीपीसी लारा के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आज गुरुवार को 21वीं सीनियर छत्तीसगढ़ राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) का शुभारम्भ हुआ। इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 61 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 36 पुरुष और 25 महिला टीमें शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ के माननीय वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।” साथ ही उन्होंने एनटीपीसी लारा द्वारा खेल व शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रयासों की सराहना की और ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल को “सराहनीय” कहा।

एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने अतिथियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए बताया कि एनटीपीसी न केवल विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक एवं समग्र विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। शिक्षा व खेल के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना इस दिशा में प्रमुख प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि एनटीपीसी लारा द्वारा लगभग 6 करोड़ की सामाजिक उत्तरदायित्व सहायता से महालोई स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की कोचिंग तथा विद्यालयों में स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए आसपास के गांवों में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण तथा अंडर‑15 एवं अंडर‑17 राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया है। इसी क्रम में महलोई की तीन बेटियों ने लैक्रोस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मलेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

सुभाष ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है; आवश्यकता उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण व अवसर प्रदान करने की है। एनटीपीसी लारा इसी उद्देश्य के साथ स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *