
बस्तर, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। बस्तर डाक संभाग की नई पहल से ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में रहने वाले युवाओं को अब अपने नजदीकी डाकघर से स्पीड पोस्ट के जरिए आवेदन भेजने की सुविधा प्राप्त होगी। यह सेवा विशेष रूप से बस्तर फाइटर्स और ग्राम पंचायत सचिव भर्ती जैसी सरकारी व निजी संस्थाओं में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिये लाभदायक है। भारतीय डाक विभाग ने बस्तर डाक संभाग के प्रत्येक शाखा में स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई है, जिससे ग्रामीण युवाओं को दूर स्थित उप डाकघर या मुख्य डाकघर तक यात्रा करने की परेशानी से मुक्ति मिलती है।
इन शाखा डाकघरों में जाकर उम्मीदवार आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य महत्वपूर्ण पत्राचार को स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज सकते हैं। स्पीड पोस्ट के माध्यम से दस्तावेज़ भेजने पर डाक विभाग द्वारा निर्दिष्ट समय सीमा में प्राप्ति की गारंटी दी जाती है, जिससे आवेदन प्रक्रिया में समय और लागत दोनों में उल्लेखनीय बचत होती है।
बस्तर डाक संभाग के अधीक्षक डाकघर डॉ. सौरभ श्रीवास्तव ने उम्मीदवारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें, बल्कि अपने महत्वपूर्ण आवेदन तथा दस्तावेज समय रहते नजदीकी शाखा डाकघर से स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रेषित करें। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं की पहुँच और मजबूती के साथ-साथ भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल युवाओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
