
कोरबा, 12 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। कोरबा प्रेस क्लब ने गुरुवार को अपने प्रतिनिधियों द्वारा तैयार की गई लिखित शिकायत को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के पास प्रस्तुत की, जिसमें उन्होंने उदय चौधरी के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की माँग की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उदय चौधरी स्वयं को पत्रकार घोषित कर भ्रामक, अपुष्ट तथा तथ्यहीन समाचार प्रसारित कर रहे हैं, जिससे नागरिकों और अधिकारियों के बीच भ्रम उत्पन्न हो रहा है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान और सचिव दिनेश राज ने कहा कि प्रकाशित खबरों की तथ्यात्मकता, बिना पक्ष सुने लगाए गए आरोप और किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने वाली सामग्री की जाँच आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ऐसी प्रवृत्तियों से निष्पक्ष पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर प्रश्न उठते हैं और जनता के विश्वास में गिरावट आती है।
शिकायत पत्र में यह माँग की गई है कि उदय चौधरी की वास्तविक पहचान एवं उनकी सम्बंधित गतिविधियों की नियमानुसार जाँच कराई जाए, साथ ही प्रकाशित सामग्री की सत्यता की जाँच के लिए साइबर सेल के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य संरक्षित किए जाएँ। यदि जाँच में यह सिद्ध हो जाता है कि उन्होंने जानबूझकर संस्था को बदनाम किया, झूठे आरोप लगाए, पहचान का दुरुपयोग किया, धमकाया या अनुचित लाभ प्राप्त किया, तो भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 356 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66C और धारा 66D सहित अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
क्लब ने स्पष्ट किया कि केवल पत्रकार होने का दावा करना अपराध नहीं है; इसलिए कोई भी कार्रवाई वास्तविक कृत्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होनी चाहिए। उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी निरपराध को प्रताड़ित करना या स्वतंत्र पत्रकारिता पर प्रतिबंध लगाना नहीं है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने क्लब के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि शिकायत के आधार पर त्वरित जाँच शुरू की जाएगी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग में लगे अन्य संदिग्धों की पहचान के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने पीड़ितों से पर्याप्त साक्ष्य के साथ निःसंकोच शिकायत करने की अपील की तथा जाँच में आरोप सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की पुष्टि की।
शिकायत के हस्ताक्षरकर्ताओं में प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी और कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिठ्ठू) उपस्थित थे। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज, कलेक्टर, कोरबा को सूचना हेतु तथा साइबर थाना, कोरबा को आवश्यक जाँच के लिए भेजी गई।
